VHP on Muslim Shops: हरियाणा में पवित्र चैत्र नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है. इसको लेकर लोगों में खासा उत्साह है. हालांकि नवरात्रि पर विश्व हिंदू परिषद के जरिये जबरन समुदाय विशेष के दुकानदारों की दुकानें बंद कराने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है. वीएचपी नेताओं की गैर कानूनी फरमान से अल्पसंख्यक समुदाय के दुकानदारों में दहशत है.
Trending Photos
)
Haryana News Today: पूरे देश में चैत्र नवरात्रि पर्व की धूम है. पवित्र चैत्र नवरात्रि पर हिंदूवादी संगठन विश्व हिंदू परिषद (VHP) के सदस्यों को तुगलकी फरमान सुनाने का मामला सामने आया है. वीएचपी ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में चल रहे चैत्र नवरात्रि समारोह में अल्पसंख्यक समुदाय के दुकानदानों को दुकान न लगाने को कहा है. वीएचपी नेताओं के इस रवैये से अल्पसंख्यक समुदाय के दुकानदारों में दहशत है.
इस घटना को लेकर विश्व हिंदू परिषद के नेताओं ने एक वीडियो जारी किया है. इस वीडियों में विश्व हिंदू परिषद के नेताओं को एक बाजार में घूतमे हुए देखा जा सकता है, जहां पर चैत्र नवरात्रि के लिए स्टॉल लगाए हैं. हिंदूवादी संगठन के नेता इस दौरान दुकानदारों से जबरन उनकी आईडी चेक रहे हैं. वीडियो बनाने वाले को कहते हुए सुना जा सकता है कि यहां किसी अन्य समुदाय से ताल्लुक रखने वालों को प्रसाद नहीं वितरित करने दिया जाएगा.
इतना ही नहीं विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने कई दुकानदारों से उनका आधार कार्ड मांग कर चेक किया और पैसों के लेन देने में इस्तेमाल की जाने वाली यूपीआई आईडी को भी स्कैन करके नाम चेक करते हुए देखा जा सकता है. अवैध जांच के दौरान एक मुस्लिम दुकानदार भी मिला, जिसकी दुकान वीएचपी सदस्यों ने जबरन बंद करा दी. वीएचपी नेताओं को कहते हुए सुना जा सकता है कि यहां स्टाल लगाने के लिए जो पैसे दिए हैं, उसे प्रशासन से ले लेना.
वीडियो में वीएचपी के एक नेता को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "हमें उस्मान नाम से एक स्टॉल मिला है और हमने उसे मेला परिसर छोड़ने को कहा है. उसका यहां कोई काम नहीं है." कुछ लोग मुसलमान दुकानदार को धमकाते हुए दुकान तुरंत बंद करने के लिए कह रहे हैं. वीएचपी नेताओं और सदस्यों के जरिये जबरन दुकानें बंद करने की यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
बता दें, इस बार चैत्र नवरात्रि का पर्व बीते 30 मार्च शुरू हुआ था, यह आज 7 अप्रैल तक चलेगा. हरियाणा में इस पर्व पर बाजारों में काफी रौनक देखी जा रही है. कुरुक्षेत्र में चैत्र नवरात्रि पर गैर हिंदु दुकानदारों को दुकान लगाने से रोकने के लिए विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों के जरिये बाजार में ड्राइव चलाया गया. घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की इस पर मिली जुली प्रतिक्रिया मिल रही है.
मुस्लिम माइनॉरिटी की ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam