)
Aasha Prajapati Accept Islam: दुनिया भर में इस्लाम के विरोध में प्रोपेगेंडा चल रहा है, इसके बावजूद लोग इस्लाम की शिक्षाओं से प्रभावित होकर मुसलमान बन रहे हैं. ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से आया है. यहां विदिशा जिले में जनसुनवाई के दौरान शमशाबाद तहसील के ग्राम बरुआखार की रहने वाली एक 20 वर्षीय युवती आशा प्रजापति ने इस्लाम कबूल करने के लिए कलेक्टर से इजाजत मांगी है और एक आवेदन दिया है.
दरअसल, आशा प्रजापति हिंदू समुदाय से ताल्लुक रखती है, लेकिन पिछले तीन वर्षों से नमाज और कलमा पढ़ रही थी. अब उसने इस्लाम कबूल करने का मन बना लिया है, जिसके लिए आशा प्रजापति ने कलेक्टर अंशुल गुप्ता को आवेदन दिया है. आशा प्रजापति ने यह फैसला किसी के दबाव या लोभ में आकर नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से लिया है. वहीं, प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती को एसपी ऑफिस भेजा है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आशा प्रजापति को पुलिस और महिला बाल विकास विभाग संयुक्त रूप से काउंसलिंग कर रही हैं. आशा प्रजापति ने 10वीं तक पढ़ाई की है, युवती ने इस्लाम कबूल करने के लिए कलेक्टर अंशुल गुप्ता को दिए आवेदन में बताया कि वह अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन करना चाहती है, उसने बताया कि बचपन में ही उसकी माँ और पिता की मौत हो गई. आशा प्रजापति ने बताया कि वह अपने किसी भी रिश्तेदार के संपर्क में नहीं है.
आशा प्रजापति ने यह भी बताया कि बचपन से ही उसे इस्लाम धर्म में रुची रही है. उसने बताया कि वह तीन वर्षों से कलमा और नमाज पढ़ रही है. इस मामले पर SP रोहित काशवानी ने कहा कि पुलिस की टीम आशा प्रजापति की काउंसलिंग के साथ-साथ यह जानकारी जुटा रही है कि आशा प्रजापति किसी के दबाव में तो यह कदम नहीं उठा रही.