)
Aligarh News Today: देश की सबसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में से के अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार मामला नवरात्रि को लेकर उठा है. यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले बहुसंख्यक समुदाय के छात्रों ने पूरे नवरात्रि के दौरान विशेष खाने-पीने की व्यवस्था करने की मांग की है. हिंदूवादी छात्र नेताओं की इस मांग को लेकर एक बार फिर उनकी मंशा पर सवाल उठने लगे हैं.
दरअसल, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के हिंदू छात्रों ने मांग की है कि नवरात्रि के दौरान उनके लिए अलग से फलाहार और शुद्ध शाकाहारी खाने का इंतजाम किया जाए. इस दौरान कैंटीन में काम करने वाले मुस्लिम कर्मचारियों से भी उनके धार्मिक भावनाओं का ख्याल रखने की मांग की गई है. इससे पहले भी कई बार हिंदूवादी छात्र नेता अपनी मांगों को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन और अल्पसंख्यक छात्रों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं.
हिंदूवादी छात्र नेता अखिल कौशल ने इस संबंध में यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर ऑफिस को लिखित मांगपत्र सौंपा है. उनका कहना है कि जिस तरह रमजान के दौरान रोजेदार छात्रों के लिए खास इंतजाम किया जाता है. उसी तरह नवरात्रों में भी हिंदू छात्रों के लिए फलाहार का इंतजाम किया जाना चाहिए. अखिल कौशल ने एएमयू प्रशासन को धमकी देते हुए कहा कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर साफ-सुथरा और अलग से तैयार किया गया खाना मिलना चाहिए.
अखिल कौशल ने आरोप लगाया कि पहले भी कई बार शिकायतें आई हैं कि वेज और नॉनवेज एक साथ बनाए जाते हैं. हिंदूवादी छात्र नेता ने कहा कि नवरात्रि में नॉनवेज और फलाहार का खाना बिल्कुल अलग बनाया जाए ताकि धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे. अखिली कौशल ने धमकी दी कि अगर किसी छात्र ने शिकायत की कि उनका खाना अलग नहीं बनाया गया है तो उग्र विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
यहां काम करने वाले अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों पर निशाना साधते हुए हिंदूवादी छात्र नेता अखिल कौशल ने कहा, "मेस में ज्यादातर मुस्लिम कुक काम करते हैं, इसलिए उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए जाने चाहिए कि नवरात्रि के दौरान हिंदू छात्रों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए अलग से खाने-पीने का खास इंतजाम किया जाए. फिलहाल प्रॉक्टर ऑफिस ने छात्रों की इस मांग पर विचार करने की बात कही है. अब देखना होगा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन नवरात्रि के दौरान छात्रों की इस मांग पर क्या कदम उठाता है.
नवरात्रि पर हिंदू छात्रों की मांगों के संबंध में जब एएमयू के पीआरओ उमर पीराजाद से बात करने की कोशिस की गई तो उन्होंने पूरे मामले से अनभिज्ञता जताई और फिर फोन काट दिया. जब दोबारा उनसे बात करने की कोशिस की गई तो उनका नंबर स्विच ऑफ हो गया. इसी तरह जब प्रॉक्टर वसीम अली से फोन पर बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया.
AMU प्रशासन ने मांगी हिंदू छात्रों की मांग
वहीं, अब नवरात्रि के मौके पर हिंदू छात्रों की मांग को एएमयू प्रशासन ने मान लिया है. इस मांग पर संज्ञान लेते हुए एएमयू प्रशासन ने निर्देश जारी कर दिए हैं. डिप्टी प्रॉक्टर हसमत अली का कहना है कि यूनिवर्सिटी में दोनों वक्त वेज और नॉनवेज खाने का इंतजाम रहता है, लेकिन नवरात्रि को देखते हुए हिंदू छात्रों की सहमति से मेन्यू तय किया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की आपत्ति या विवाद न बढ़े.