)
Waqf Amendment Act 2025 Protest: संशोधित वक्फ कानून को लेकर पूरे देश में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं. वक्फ कानून के विरोध में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने देशभर में 'वक्फ बचाओ अभियान' शुरू किया है. AIMPLB समेत कई मुस्लिम संगठनों और अन्य सियासी दलों ने इसके खिलाफ सु्प्रीम कोर्ट में याचिकाएं भी दायर की हैं. इसी कड़ी में बुधवार को देशभर में 15 मिनट तक 'बत्ती गुल' अभियान के जरिये वक्फ कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन होगा.
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की अगुवाई में बुधवार (30 अप्रैल) को देशभर में अनोखा प्रदर्शन होगा. इस विरोध प्रदर्शन के तहत वक्फ कानून के खिलाफ सभी से 30 अप्रैल 2025 को रात 9 बजे से 9.15 बजे तक घर, दुकान, फैक्ट्री सहित सभी जगह की लाइटों को बंद करने की अपील गई है. विरोध को सफल बनाने के लिए मुस्लिम संगठनों के साथ अन्य लोग लगातार इसमें हिस्सा लेने के लिए अभियान चला रहे हैं.
AIMIM प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी वक्फ कानून के खिलाफ 'बत्ती गुल' अभियान में सभी से हिस्सा लेने की अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा, "ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने वक्फ अमेंडमेंट एक्ट 2025 के खिलाफ पब्लिक प्रोटेस्ट को लॉन्च किया है, इसके तहत 30 अप्रैल को रात 9 बजे से 9.15 बजे तक बत्ती गुल का प्रोग्राम है."
सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने लोगों से अपील की कि "मेरी सभी लोगों से दर्दमंदाना दरख्वास्त है कि वे कल रात 9 से 9.15 बजे के बीच सिर्फ 15 मिनट तक अपने घर, ऑफिस, संस्थान, फैक्ट्री वगैरा की लाइट बंद रखें. " उन्होंने कहा, "इस विरोध के जरिये हमारा मकसद नरेंद्र मोदी सरकार को एक पैगाम देना है कि उन्होंने जो वक्फ अमेंडमेंट एक्ट बनाया है, वो खासतौर से भारत के संविधान का विरोधी है."