)
Maharashtra News: मुंबई पुलिस ने अवैध बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक लगभग दो दशक से भारत में अवैध तरीके से रह रहा था. दरअसल, मुंबई की सहार पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में लिया है. आरोपी की पहचान मोहम्मद इक्लाज के रूप में हुई है.
बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद इक्लाज साल 2005 में अवैध तरीके से भारत आया था. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मोहम्मद इक्लाज ने साल 2014 में कोलकाता पासपोर्ट कार्यालय में फर्जी नाम और पते सहित कई गलत जानकारी देकर धोखे से पासपोर्ट हासिल कर लिया था. कथित तौर पर मोहम्मद इक्लाज ने जाली पासपोर्ट का इस्तेमाल करके कई बार विदेश यात्राएं भी की थी.
इस मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को तब हुई जब 14 अक्टूबर 2025 को मोहम्मद इक्लाज इंडिगो फ्लाइट से मुंबई से कुवैत जाने की कोशिश की, लेकिन मुंबई हवाई अड्डे पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे रोक लिया. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मोहम्मद इक्लाज पिछले ग्यारह सालों से कुवैत में नौकरी कर रहा था. इस दौरान उसने खुद को भारतीय नागरिक बताकर कुवैती विदेश मंत्रालय के माध्यम से अपने भारतीय पासपोर्ट का कई बार नवीनीकरण भी करवाया.
अधिकारियों ने बताया कि मोहम्मद इक्लाज ने धोखाधड़ी से हासिल किए गए भारतीय पासपोर्ट का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय यात्रा की और भारतीय पासपोर्ट प्राधिकरण और मुंबई आव्रजन विभाग दोनों को धोखा दिया. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस बांग्लादेशी नागरिक ने भारतीय नागरिकता के दस्तावेज कैसे हासिल किए और बार-बार अंतरराष्ट्रीय यात्राएं कैसे कीं
अधिकारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सहार पुलिस स्टेशन ने मोहम्मद इक्लाज के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. यह मामला भारतीय आव्रजन और पासपोर्ट प्रणाली में सेंधमारी के गंभीर सवाल खड़े करता है. मोहम्मद इक्लाज को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.