)
IND VS PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के माहौल में पुणे पुलिस ने एक 19 साल की आईटी इंजीनियरिंग की छात्रा को इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक स्टोरी पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. छात्रा की पहचान खदीजा शेख के तौर पर हुई है, जो कोंढवा इलाके में रहती है और एक प्राइवेट कॉलेज की सेकंड ईयर की छात्रा है.
उसने इंस्टाग्राम स्टोरी में पाकिस्तानी नागरिकों के ट्वीट्स के स्क्रीनशॉट्स शेयर किए थे, जिनमें पाकिस्तान जिंदाबाद और हिंदुत्व उग्रवाद जैसे शब्दों वाले पोस्ट शामिल थे. पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस उपायुक्त (ज़ोन 5) राजकुमार शिंदे ने बताया कि खदीजा के खिलाफ BNS की धाराएं 152, 196, 197, 299, 352 और 353 के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच अभी जारी है. हालांकि पुलिस ने यह साफ नहीं किया कि खदीजा की पोस्ट का मकसद क्या था, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि इस तरह का कंटेंट मौजूदा हालात में जनता में अशांति या तनाव फैला सकती थी.
फिलहाल, खदीजा का इंस्टाग्राम अकाउंट हटा दिया गया है, और पुलिस उसकी सोशल मीडिया एक्टिविटीज की जांच कर रही है. असम में तीन लोगों को पाकिस्तान हिमायती पोस्ट करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है. सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के मुताबिक अभी तक 48 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. जिनमें, AIUDF का विधायक भी शामिल है.
बता दें, जब से भारत और पाकिस्तान की जंग का आगाज हुआ है, तभी से भारत सरकार सोशल मीडिय पर लगातार नजर बनाए हुए है. कई सोशल मीडिया चैनल्स को बंद किया जा चुका है. ट्विटर और यूट्यूब पर ये एक्शन लिए गए हैं.