Indian Army: भारतीय सेना ने पाकिस्तान का मुंहतोड़ जवाब दिया है और एक पोस्ट और लॉन्च पैड को तबाह कर दिया है. इसी लॉन्च पैड से भारत पर हमला करने के लिए ड्रोन भेजे जाते थे.
Trending Photos
)
Indian Army: भारतीय सेना ने एक अहम कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के एक पोस्ट और आतंकी लॉन्च पैड को पूरी तरह से तबाह कर दिया है. यह वही ठिकाना था जहां से लॉन्च किए गए ड्रोन भारत पर हमले के लिए भेजे जा रहे थे. यह कदम पाकिस्तान की उकसावे वाली हरकतों का कड़ा और सटीक जवाब माना जा रहा है.
पाकिस्तान की ओर से हाल ही में बिना किसी उकसावे के ड्रोन हमलों में तेज़ी आई है. इस पर भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने त्वरित और निर्णायक प्रतिक्रिया दी है. शनिवार तड़के लगभग 5 बजे, पंजाब के अमृतसर स्थित खासा कैंट इलाके में दुश्मन के कई सशस्त्र ड्रोन देखे गए, जिन्हें हमारी एयर डिफेंस यूनिट्स ने तुरंत मार गिराया.
भारतीय सेना ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए साफ किया कि भारत की संप्रभुता का उल्लंघन और आम नागरिकों की जान को खतरे में डालना पूरी तरह कबूल नहीं किया जाएगा. सेना का कहना है कि दुश्मन की हर साजिश को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.
सेना के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के बारामुला से लेकर गुजरात के भुज तक, भारत-पाक सीमा और नियंत्रण रेखा से सटे कुल 26 स्थानों पर पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि दर्ज की गई हैं. इनमें से कई ड्रोन सशस्त्र थे और इनका मकसद सैन्य व नागरिक ठिकानों को निशाना बनाना था. जिन जगहों से ड्रोन देखे जाने की पुष्टि हुई है, उनमें बारामुला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, लालगढ़ जट्टा, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, कुवारबेट और लखी नाला शामिल हैं.
ड्रोन हमलों की कोशिश श्रीनगर एयरपोर्ट और अवंतीपोरा एयरबेस जैसे संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर भी हुई, जिन्हें समय रहते नाकामयाब कर दिया गया. इससे एक दिन पहले भी भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना के जरिए सैन्य प्रतिष्ठानों को ड्रोन और मिसाइल से निशाना बनाने की कोशिश को नाकाम किया था. वहीं, पंजाब के फिरोजपुर में एक ड्रोन ने नागरिक इलाके को निशाना बनाया, जिसमें एक स्थानीय परिवार का सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया था. घायलों को तत्काल उपचार मुहैया कराया गया और इलाके को सेना ने सुरक्षित कर लिया.
वर्तमान हालात को देखते हुए सेना पूरी तरह हाई अलर्ट पर है. सभी हवाई गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और संदिग्ध ड्रोन को काउंटर-ड्रोन सिस्टम के जरिए निष्क्रिय किया जा रहा है. सीमा से सटे इलाकों में रहने वाले नागरिकों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें.