)
Delhi News Today: नई दिल्ली से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां 26 साल से फरार एक भारतीय नागरिक को आखिरकार सीबीआई (CBI) ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपी मोहम्मद दिलशाद पर 1999 में सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक हत्या करने का आरोप है. इस वारदात को अंजाम देने के बाद वह सऊदी अरब से फरार हो गया था और भारत लौटकर छिपा हुआ था.
मिली जानकारी के मुताबिक, 52 साल का दिलशाद, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला है. मोहम्मद दिलशाद साल 1999 में सऊदी अरब के रियाद में भारी मोटर मैकेनिक और सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता था. अक्टूबर 1999 में उस पर एक शख्स की हत्या का आरोप लगा, जिसके बाद वह भारत भाग आया और दो दशकों तक पुलिस से बचता रहा.
यह मामला अप्रैल 2022 में फिर से सामने आया, जब सऊदी सरकार ने भारत से कानूनी मदद मांगी. इसके बाद सीबीआई ने मुकदमा दर्ज कर लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया. हालांकि, बीते दो दशकों के दौरान दिलशाद लगातार पहचान बदलकर अलग-अलग देशों जैसे कतर, कुवैत और सऊदी अरब की यात्रा करता रहा.
मोहम्मद दिलशाद इन जगहों पर आने जाने के लिए फर्जी दस्तावेजों और नए पासपोर्ट का इस्तेमाल करता था. गहरी जांच और कड़ी मशक्कत के बाद CBI की टीम आखिर दिलशाद के जरिये बनवाए गए दूसरे पासपोर्ट का भी पता लगा लिया और फिर उसके खिलाफ दूसरा लुक आउट सर्कुलर जारी किया.
11 अगस्त 2025 को जब मोहम्मद दिलशाद मदीना से जेद्दा होते हुए दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचा, तो CBI ने उसे वहीं दबोच लिया. 14 अगस्त को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
CBI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर बयान जारी कर कहा कि समय चाहे जितना भी बीत जाए, हम भगोड़ों को कानून के कटघरे में लाने के लिए समर्पित है. फिलहाल CBI इस केस की आगे की जांच कर रही है और सऊदी अरब के अधिकारियों के साथ संपर्क में है ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके.