)
Uttar Pradesh News: आगामी 28 मई को मुस्लिम समुदाय बकरीद यानी ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाएगा. इसको लेकर लखनऊ के दारुल उलूम फिरंगी महल में हेल्पलाइन सेवा शुरू कर दी गई है. इस हेल्पलाइन के जरिए लोग कुर्बानी और नमाज़ से जुड़े अपने सवाल पूछ सकेंगे. इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने बकरीद की तैयारियों और जरूरी एडवाइजरी को लेकर जानकारी दी.
लखनऊ के दारुल उलूम फिरंगी महल में बकरीद को लेकर हेल्पलाइन शुरू की गई है. दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक लोग 9415023970, 9335929670 और 7007705774 नंबरों पर कॉल कर अपने सवालों के जवाब हासिल कर सकते हैं. इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने बताया कि पूरे देश में 28 मई को ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि कुर्बानी 28, 29 और 30 मई तक की जा सकेगी.
मौलाना ने बताया कि बकरीद की नमाज़ सुबह 10 बजे ईदगाह में अदा की जाएगी. इसके लिए जल्द ही एडवाइजरी जारी की जाएगी. लोगों से अपील की गई है कि समय से ईदगाह पहुंचें और अपनी गाड़ियों को तय पार्किंग स्थल पर ही खड़ी करें उन्होंने कहा कि सिर्फ उन्हीं जानवरों की कुर्बानी करें जो शरई और कानूनी तौर पर जायज हों. जिन जानवरों की कुर्बानी पर कानूनी रोक है उनकी कुर्बानी न करें. साथ ही कुर्बानी के गोश्त और अवशेष खुले में न फेंकने की भी अपील की गई है ताकि साफ-सफाई बनी रहे.