)
Israel Hamas War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि इज़राइल और हमास के बीच सीज़फायर अब भी प्रभावी है, भले ही इज़राइली सेना ने गाज़ा में कथित युद्धविराम उल्लंघन के बाद घातक हवाई हमले किए हों. एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या सीज़फायर अब भी लागू है, तो उन्होंने जवाब दिया,"हां, यह अब भी प्रभावी है."
उन्होंने यह भी कहा कि कथित उल्लंघन में हमास के टॉप लीडर्स की भूमिका नहीं है, बल्कि कुछ विद्रोही तत्वों की वजह से ये घटनाएं हुईं. ट्रंप ने कहा, "लेकिन किसी भी हालत में इसे सही तरीके से संभाला जाएगा. सख्ती से, लेकिन सही ढंग से."
इज़राइल ने रविवार को कहा कि उसने हमास की ओर से कथित हमले के बाद गाज़ा में उसके ठिकानों पर कार्रवाई की है और अब उसने सीज़फायर को फिर से लागू कर दिया है. गाज़ा की सिविल डिफेंस एजेंसी, जो हमास प्रशासन के तहत काम करती है, ने दावा किया कि इज़राइली हमलों में कम से कम 45 लोग मारे गए हैं. वहीं, इज़राइली सेना ने कहा कि वह इन हताहतों की रिपोर्ट की जांच कर रही है.
ट्रंप ने आशा जताई कि उनके मध्यस्थता से हुआ यह युद्धविराम कायम रहेगा. उन्होंने कहा,"हम चाहते हैं कि हमास के साथ यह बहुत शांतिपूर्ण बना रहे. जैसा कि आप जानते हैं, वे कुछ ज्यादा ही सक्रिय रहे हैं, कुछ गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन हमें लगता है कि इसमें नेतृत्व शामिल नहीं है."
गौरतलब है कि यह युद्धविराम 10 अक्टूबर से लागू हुआ था, जिससे दो साल से चल रहे विनाशकारी युद्ध पर रोक लग गई थी. इस संघर्ष में इज़राइल ने 65 हजार से ज्यादा लोगों को मार दिया और गाज़ा के बड़े हिस्से को मलबे में तब्दील कर दिया था, यह सब हमास के 7 अक्टूबर 2023 के हमले के बाद शुरू हुआ था.