JMI News: दिल्ली की सेंट्रल यूनिवर्सिटी जामिया मिल्लिया इस्लामिया में एंट्रेंस एग्जाम देने आए छात्रों से बैग और मोबाइल रखने के नाम पर अवैध वसूली का वीडियो वायरल हुआ है. छात्रों ने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं, पहले भी कई बार ऐसी घटना हो चुकी है .
Trending Photos
)
Jamia News: देश की राजधानी दिल्ली में मौजूद मशहूर सेंट्रल यूनिवर्सिटी जामिया मिल्लिया इस्लामिया एक बार फिर विवादों में घिर गई है. इस बार यह किसी अकादमिक बहस या राजनीतिक बयान की वजह से विवादों में नहीं है, बल्कि एंट्रेंस एग्जाम देने आए स्टूडेंट्स से अवैध वसूली के कारण विवादों में है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने इस पूरे मामले की पोल खोल दी है, जिसमें कुछ लोग छात्रों से बैग और मोबाइल रखने के नाम पर जबरन पैसे वसूलते नज़र आ रहे हैं. यह घटना जामिया के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में घटी है.
दरअसल, जामिया यूनिवर्सिटी में इन दिनों कई कोर्स के एंट्रेंस एग्जाम हो रहे हैं. इसी सिलसिले में आज यानी 2 मई को M.A. (Politics: International & Area Studies) का एग्जाम था. देशभर से बच्चे एग्जाम देने पहुंचे थे. एग्जाम दोपहर 2:30 बजे शुरू होना था लेकिन इससे पहले, जामिया के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के भीतर मौजूद एग्जाम सेंटर के बाहर कुछ लोग मौजूद थे, जो छात्रों से बैग और मोबाइल रखने के नाम पर अवैध उगाही कर रहे थे. इसी दौरान कुछ छात्रों ने इसका विरोध किया और जामिया प्रशासन पर कई संगीन इल्जाम भी लगाए हैं.
जानें जामिया प्रशासन ने क्या कहा?
वहीं, इस मामले में जामिया मिल्लिया इस्लामिया की पब्लिक रिलेशन ऑफिसर प्रो. साइमा सईद ने कहा है कि हम सिर्फ एग्जाम कंडक्ट कराते हैं. एग्जाम हॉल में किसी को बैग ले जाने की इजाज़त नहीं होती है. उन्होंने कहा कि बच्चे बैग और मोबाइल कहां रखते हैं और किसके पास रखते हैं, ये जामिया प्रशासन की ज़िम्मेदारी नहीं है. हमारा काम कदाचार मुक्त यानी नकल फ्री एग्जाम कराना है. हम सिर्फ एडमिट कार्ड और पेन के साथ एग्जाम हॉल में जाने की परमिशन देते हैं. हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद जामिया प्रशासन ने फौरन एक आदेश जारी किया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में एक छात्र ने दावा किया है कि मोबाइल और बैग रखने के नाम पर अवैध तरीके से पैसे की वसूली की जा रही है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब छात्र अवैध तरीके से पैसे वसूल रहे व्यक्ति से सवाल कर रहे थे कि वह किसकी इजाजत से पैसे वसूल रहा है तो पैसे वसूलने वाले शख्स ने लड़के से बात करने से मना कर दिया. साथ ही छात्रों का कहना है कि इस तरह की वसूली पहले भी की जा चुकी है जिसकी शिकायत करने वे प्रॉक्टर ऑफिस गए थे लेकिन प्रॉक्टर से मुलाकात नहीं हो पाई और प्रॉक्टर ऑफिस के कुछ लोगों ने छात्रों को डीएसडब्ल्यू और Controller of Examinations Office जाने की सलाह दी.
जामिया में M.A. एंट्रेंस एग्जाम के दौरान अवैध वसूली, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
वायरल वीडियो में एक छात्र ने दावा किया है कि मोबाइल और बैग रखने के नाम पर अवैध तरीके से पैसे की वसूली की जा रही है pic.twitter.com/gndaEHNfmA
— तौसीफ आलम (@Tauseefalamzee) May 2, 2025
कई बार हुई है अवैध वसूली
नाम न बताने की शर्त पर एक छात्र ने बताया कि जामिया यूनिवर्सिटी में कई बार छात्रों से अवैध वसूली हो रही है. यह पहली घटना नहीं है जब छात्रों से अवैध उगाही की जा रही हो, बल्कि जामिया के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एंट्रेंस एग्जाम देने आए स्टूडेंट्स से कई बार अवैध उगाही हो चुकी है.
स्टूडेंट्स का संगीन इल्जाम
स्टूडेंट्स का कहना है कि बैग और मोबाइल रखने के नाम पर इस तरह लूटपाट करना बेहद शर्मनाक है. अब सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग जामिया प्रशासन की आलोचना कर रहे हैं. वहीं, अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की उगाही कैसे हो रही है और प्रशासन इस पर क्या कर रहा है?