)
Jammu Kashmir News: जम्मू कश्मीर की स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने बुधवार को हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी जाहिद हुसैन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. SIA ने आतंकवादी जाहिद की संपत्ति जब्त कर ली, जो अभी पाकिस्तान से काम कर रहा है.
यह जांच जम्मू और कश्मीर से भागकर सीमा पार से काम कर रहे आतंकवादियों से जुड़े एक मामले से संबंधित है. हिजबुल मुजाहिदीन (HM) आतंकवादी जाहिद हुसैन जम्मू-कश्मीर से फरार होकर पाकिस्तान चला गया है और वहीं, से सीमा पार अपने आतंकी नेटवर्क की मदद कर रहा है. जाहिद हुसैन डोडा जिले के मंगोटा गांव का रहने वाला है और उसके पिता का नाम अब्दुल करीम है.
आतंकी जाहिद हुसैन साल 2000 में अवैध रूप से पाकिस्तान चला गया था और तब से सीमा पार से काम कर रहा है. जाहिद हुसैन भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों में शामिल है. आतंकी जाहिद हुसैन की अचल संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. इसके लिए SIA की एक टीम जाहिद हुसैन की संपत्ति की पहचान, निरीक्षण और जब्ती के लिए गांव मंगोटा पहुंची है.
कार्यवाही के दौरान, खेवट नंबर 130, 128 और 170 के तहत आने वाली 1 कनाल और 16 1/4 मरला ज़मीन की औपचारिक रूप से पहचान की गई और उसे ज़ब्त कर लिया गया. SIA जम्मू आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है, उनके गुर्गों और फंडिंग चैनलों दोनों को निशाना बना रही है, यह सुनिश्चित करते हुए कि आतंकवाद में शामिल लोगों को कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़े.
गौरतलब है कि लालकिला कार धमाका के बाद देश भर की जांच एजेंसियां एक्टिव हो गई हैं. वहीं, इस धमाके का कनेक्शन जम्मू-कश्मीर से होने के कारण वहां पर जांच अभियान चलाया गया है. इस दौरान आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में आतंकी जाहिद हुसैन की संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है.