Jaun Elia Story: जौन एलिया सिर्फ एक शायर नहीं बल्कि एक दौर की बेचैनी, सवालों और बगावत की आवाज थे. बंटवारे का दर्द, जिंदगी की टूटन और सच बोलने की बेबाकी उनकी शायरी को आज भी जिंदा रखे हुए है, जिसे नई पीढ़ी लगातार महसूस कर रही है. 14 दिसंबर 2025 को जन्म जौन एलिया का इतवार को 94वीं जयंती है. जानें उनकी जिंदगी के मशहूर और रोचक किस्से.
Trending Photos
)
Jaun Elia Birthday: उर्दू शायरी की दुनिया में अगर किसी एक नाम ने प्यार, दर्द, बगावत और बेबाकी को एक साथ पहचान दी तो वह नाम जौन एलिया है. उनकी शायरी न सिर्फ पढ़ी जाती है बल्कि महसूस की जाती है. जौन एलिया उन चुनिंदा शायरों में शुमार हैं, जिनकी पंक्तियां आज भी नौजवानों की बेचैनी, सवालों और टूटन की आवाज बन चुकी हैं. अमरोहा की मिट्टी से निकला यह बागी शायर सरहदों के उस पार चला गया, लेकिन उसकी रूह, उसकी सोच और उसकी शायरी हमेशा हिंदुस्तानी की ही बनकर रह गई.
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में जन्मे उर्दू शायर जौन एलिया उर्दू साहित्य के उन खास नामों में से एक हैं, जिनकी शायरी आज भी नई पीढ़ी के दिलों पर गहरी छाप छोड़ती है. भारत-पाकिस्तान के बंटवारे ने उनकी जिंदगी और सोच पर गहरा असर डाला. भले ही उन्होंने अपनी जिंदगी के आखिरी साल भारत से बाहर बिताए हों, लेकिन जौन एलिया ने खुद को हमेशा हिंदुस्तानी ही माना. वे बंटवारे के खिलाफ थे और अमरोहा से उनका लगाव उनकी शायरी और बातों में बार-बार झलकता है.
14 दिसंबर 1931 को जन्मे जौन एलिया का असली नाम सैयद सिब्त-ए-असगर नकवी था. साहित्यिक दुनिया में वे जौन एलिया के नाम से मशहूर हुए. बंटवारे के बाद वे पाकिस्तान जाकर बस गए, लेकिन उनका दिल हिंदुस्तान में ही बसा रहा. उनकी शायरी में बंटवारे का दर्द, टूटन, नाराजगी और व्यवस्था के खिलाफ सवाल साफ दिखाई देते हैं. उनके यहां बगावत है, नास्तिकता की झलक है और मार्क्सवादी विचारधारा का असर भी दिखता है.
जौन एलिया का परिवार खुद में एक इल्मी दुनिया था. उनके पिता अल्लामा शफीक हसन एलिया अरबी, फारसी, हिंदी, संस्कृत और हिब्रू जैसी भाषाओं के बड़े जानकार थे. उनके भाई रईस अमरोही और सैयद मुहम्मद तकी भी साहित्यिक जगत के जाने-माने नाम रहे. इस माहौल का असर जौन एलिया पर भी पड़ा. वे उर्दू के साथ-साथ अंग्रेजी, अरबी, फारसी, संस्कृत और हिब्रू भाषाओं में भी गहरी पकड़ रखते थे.
बचपन से ही जौन एलिया को शायरी का शौक था, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि उनका पहला काव्य संग्रह 'शायद' साल 1991 में तब प्रकाशित हुआ, जब वे लगभग 60 साल के थे. इसके बाद 'यानी, गुमान, लेकिन, गोया और रमूज' जैसे संग्रह सामने आए. उनकी शायरी रिवायती गजलों से अलग थी. उसमें आधुनिक जीवन की उलझनें, प्रेम का दर्द, सामाजिक गुस्सा और आत्मसंघर्ष साफ दिखाई देता है.
जौन एलिया की निजी जिंदगी भी उतनी ही पेचीदा रही, जितनी उनकी शायरी. उनकी शादी मशहूर लेखिका जाहिदा हिना से हुई, लेकिन 1980 के दशक में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद उनकी जिंदगी में शराब और बीमारी का असर बढ़ता चला गया. लंबी बीमारी के बाद 8 नवंबर 2002 को कराची में उनकी मौत हो गई.
उनकी पहचान सिर्फ शायरी से नहीं बल्कि उनके बागी अंदाज से भी थी. लंबे बाल, काला चश्मा और तीखी, तल्ख़ शायरी उनका ट्रेडमार्क बन चुकी थी. उनकी खुद की लिखी पंक्ति, "ये है एक जब्र इत्तेफाक नहीं, जौन होना कोई मज़ाक नहीं." उनके पूरी शख्सियत को बयान करती है. इसका भाव यही है कि जो कुछ उनके जीवन में घटा, वह कोई साधारण संयोग नहीं था बल्कि गहरे संघर्ष और सच्चाई से भरा अनुभव था.
आज के दौर में सोशल मीडिया पर जौन एलिया सबसे ज्यादा पढ़े और शेयर किए जाने वाले उर्दू शायरों में शामिल हैं. उनकी शायरी नौजवानों को इसलिए आकर्षित करती है, क्योंकि उसमें आज की बेचैनी, जुदाई का दर्द और जिंदगी की निरर्थकता बिना किसी बनावट के सामने आती है. जौन एलिया की रचनाएं सिर्फ दर्द नहीं बल्कि जीवन की सच्ची तस्वीर पेश करती हैं, जिनमें उनकी बेचैनियों और सवालों को साफ महसूस किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Jaun Eliya: एक ऐसा शायर जिसे पढ़ने के बाद ज़िन्दगी बर्बाद होने की मिल जाती है गारंटी!