)
Bihar News: बिहार के कटिहार जिले में स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद कब्रिस्तान की 5 एकड़ 52 डिसमिल जमीन से अतिक्रमण हटाया गया. दरअसल, कटिहार के मनिहारी प्रखंड के गुआगाछी मौजा स्थित कब्रिस्तान की जमीन बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किया गया था. इस अतिक्रमण के खिलाफ स्थानीय लोगों ने शिकायत की, जिसके बाद कब्रिस्तान की जमीन को अमीन की मौजूदगी में नापी की गई.
इस नापी में मालूम चला कि कब्रिस्तान की 5 एकड़ 52 डिसमिल जमीन पर रैयतों द्वारा अतिक्रम करके मक्के एवं गेहूं की फसल रखा गया था. स्थानीय लोगों के आपसी सहमती से कब्रिस्तान की जमीन पर से अतिक्रमण हटा दिया गया.
यह जमीन खाता संख्या 478 तथा खेसरा संख्या 1951, 2026 और 2025 के तहत दर्ज है, जो उत्तरी कांटाकोश पंचायत के अंतर्गत आता है और प्रशासनिक रूप से मनिहारी अंचल क्षेत्र में पड़ता है. बता दें कि लंबे समय से कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों की शिकायतों के बाद दक्षिणी कांटाकोश पंचायत के मुखिया के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया.
मौके पर एसईसी, रैयतगण, जनप्रतिनिधि और गांव के सैकड़ों लोग मौजूद रहे. वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे एक बड़ी राहत और धार्मिक स्थल के सम्मान की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है. गौरतलब है कि देश में जमीनी विवाद को लेकर अकसर बवाल हो जाते हैं और जब बात कब्रिस्तान से जुड़ी हो तो तनाव ज्यादा बढ़ जाता है, लेकिन कटिहार के स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का इस्तेमाल किया और नापी कराकर कब्रिस्तान की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया.