)
Kota News Today: राजस्थान की कोचिंग नगरी कोटा में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट वायरल होने के बाद विवाद हो गया. एक रेस्टोरेंट के जरिये पोस्ट की गई पोस्ट को देखर हिंदूवादी संगठन भी भड़क गए, जिससे इलाके में तनाव फैल गया. घटना की सूचना पुलिस भी आनन फानन में मौके पर पहुंच गई. फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है.
दरअसल, यह कोटा में यह सांप्रदायिक विवाद उस समय शुरू हुआ, जब गणेश चतुर्थी की शुभकामनाओं के साथ नॉनवेज खाद्य पदार्थों के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा की फोटो का पोस्टर सोशल मीडिया पर डाला गया. यह पोस्टर एक नॉनवेज रेस्टोरेंट के इंस्टाग्राम अकाउंट पर देर रात अपलोड किया गया था. पोस्टर वायरल होते ही हिंदूवादी संगठन आग बबूला हो उठे.
मिली जानकारी के मुताबिक, जैसे ही यह मामला सामने आया, विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंच कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि यह पोस्ट हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने और दंगे भड़काने की नीयत से डाली गई है. मामला तूल पकड़ता देख पुलिस प्रशासन भी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गया.
विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की और मौके पर हनुमान चालीसा का पाठ कर उन्हें सद्बुद्धि दिलाने की कोशिश करते हुए नजर आए. कोटा शहर की एसपी तेजस्विनी गौतम ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए पोस्टर बनाने वाले, रेस्टोरेंट मालिक और पोस्टर तैयार करने वाली कंपनी के मालिक को गिरफ्तार कर लिया. इसके अलावा पोस्टर अपलोड करने वाले नाबालिग को थाने लाया गई. हालांकि, बाद में उसे छोड़ दिया गया.
एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि नाबालिग को छोड़कर बाकी सभी आरोपियों पर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी और उन पर सख्त धाराएं लगाई जाएंगी. इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन करते हुए नॉनवेज रेस्टोरेंट को बंद करने की भी मांग की है.