)
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक कथित लव जिहाद की घटना होने की वजह से दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई और दंगे की स्थिति बन गई. हालांकि पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों के बीच समझाइश करवाकर मामले को शांत करवा दिया.
दरअसल, मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हटा इलाके में बीती रात दो समुदाय आमने सामने आ गए. दोनों समुदायों के बीच जमकर पत्थरबाजी भी हुई. यह घटना तब हुई जब हिंदूवादी संगठन के लोगों ने कथित लव जिहाद की घटना पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान एक हिंदूवादी नेता की पोस्ट पर कमेंट करने की वजह से दो समुदायों के बीच हिंसा हो गई.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दो दिन पहले दमोह जिले के हटा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती, सरवर नाम के एक मुस्लिम युवक के साथ घर से भाग गई. दोनों ने कुछ वक्त बाद एक वीडियो जारी किया, जिसमें हिंदू युवती कह रही है कि वह सरवर के साथ पिछले 7 सालों से प्यार कर रही है और वह अपनी मर्जी से सरवर के साथ शादी की है.
वहीं, हिंदू युवती के परिवार वालों ने पुलिस में इस मामले की शिकायत करवाई. घर वालों ने पुलिस को बताया कि सरवर नाम के एक युवक ने पहले उस हिंदू यवती को प्रेमजाल में फंसाया, फिर घर से भगा ले गया. परिवार वालों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उस हिंदू युवती को खोज निकाला.
इलाके में तनाव तब फैल गया, जब उस हिंदू युवती ने अपने बयान से मुकर गई और पुलिस के सामने नया बयान देते हुए कहा कि उसे सरवर ने जबरन बयान देने को कहा था. युवती ने आगे कहा कि वह अपनी मर्जी से नहीं बल्कि सरवर उसे जबरन ले गया था. इस बयान के बाद पुलिस ने सरवर को जेल भेज दिया है.
इस घटना के बाद हिंदूवादी संगठन के लोगों ने सरवर के खिलाफ लव-जिहाद के इल्जाम में सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे. दो दिन पहले हिंदूवादी नेता उपदेश राणा हटा पहुंचकर एक बड़ी सभा की और पीड़ित लड़की और उसके परिवारवालों से मिले.
इस दौरान पप्पू महाजन नाम के एक हिन्दू नेता ने लव जिहाद को लेकर इंस्ट्राग्राम पर एक पोस्ट किया, जिस पर हटा के ही रहने वाले शब्बीर खान नाम के युवक ने कमेंट करते हुए पूछ दिया कि लव जिहाद का मतलब समझाओ.
शब्बीर के इस कमेंट ने हिंदूवादी संगठन के लोग आक्रोशित हो गए, जिसके बाद बीती रात बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठन के लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्श शुरू कर दिया. साथ ही मुस्लिम पक्ष के लोग भी सड़क पर उतर आए. दोनों पक्षों में बहसबाजी हुई और फिर पत्थरबाजी शुरू हो गई.
हिंसा के बाद दोनों पक्ष हटा पुलिस थाने पहुंचे, जहां एक बार फिर हंगामा शुरू हो गया. इस मामले में एसपी ने मोर्चा संभाला और करीब दो घंटे तक दोनों पक्षों को समझाइश देने के बाद मामला शांत कराया. हिंदू संगठनों ने लव जिहाद को लेकर हुए इस मसले पर कड़ी आपत्ति जताई है और कमेंट करने वाले शब्बीर पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है.
पूरे मामले में जिले के एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी का कहना है कि फिलहाल हटा में शांति है, जिस व्यक्ति ने ये कमेंट किया है. उस पर मामला दर्ज किया जा रहा है, विवाद के दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है और इलाके में अब और कुछ न हो इसके लिए पुलिस फोर्स तैनात की जा रही है.