)
Maharajganj News Today: उत्तर प्रदेश में एक तरफ 'I Love Muhammad' और दूसरी तरफ 'आई लव महादेव, आई लव योगी, आई लव बुलडोजर' जैसे पोस्टर वार चल रहा है. शासन प्रशासन को पूरे प्रदेश में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है. इस फेस्टिव सीजन पर पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है.
वहीं, प्रदेश के महाराजगंज जिले से समुदाय विशेष के एक शख्स के जरिये की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद तनाव फैल गया. इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस प्रशासन एक्टिव हो गया और समय रहते अप्रिय घटना को होने से रोक दिया. बताया जा रहा है कि बरगदवा थाना क्षेत्र के रहने वाले हसीमुद्दीन ने नाम के शख्स ने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक आपत्तिजनक वीडियो शेयर की थी.
इस वीडियो में आरोपी के जरिये बहुसंख्यक समाज के धर्म को लेकर आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणी की गई थी. इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय हिंदू संगठन भड़क गए और बड़ी संख्या में थाने में पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे है. थाने के बाहर प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धार्मिक नारे भी लगाए.
बहुसंख्यक समाज के लोगों की नाराजगी को देखते हुए सैकड़ों की संख्या में हिंदू संगठन बरगदवा थाने पहुंचे और पुलिस से आरोपी हसीमुद्दीन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बरगदवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस मामले में मुकदमा दर्ज किया. शैलेंद्र पाठक नाम के शख्स की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हसीमुद्दीन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 170 के तहत मामला दर्ज कर और उसे जेल भेज दिया.
इस पूरे प्रकरण में आरोपी हसीमुद्दीन ने वीडियो के माध्यम से अपनी गलती मानते हुए पूरे देश और बहुसंख्यक समाज के लोगों से माफी मांगी है. हालांकि, स्थानीय हिंदू संगठनों के गुस्से और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने आरोपी को फिलहाल जेल भेज दिया है. मौके पर पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया.
हसीमुद्दीन की गिरफ्तारी के बाद इलाके में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले किसी भी शख्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी विवादित सामग्री को शेयर करने से बचें और शांति बनाए रखें.