)
Pune News Today: महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने सोमवार (27 अक्टूबर) को पुणे से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार किया है. ATS ने दावा किया कि गिरफ्तार आरोपी का कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अल-कायदा और अन्य प्रतिबंधित संगठनों से ताल्लुक है. इतना ही नहीं वह नौजवानों को गुमराह भी करता है.
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जुबैर हांगरगेकर के रुप में हुई है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह पिछले एक महीने से पुणे ATS की निगरानी में था. सोमवार को गिरफ्तार किए जाने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां स्पेशल UAPA कोर्ट ने उसे 4 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
ATS के एक अधिकारी के मुताबिक, जुबैर को पुणे शहर के कोंढवा इलाके से पकड़ा गया है. उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम यानी UAPA के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच में सामने आया है कि वह राज्य और देश के अन्य हिस्सों में आतंकी सरगर्मियों की योजना बना रहा था.
ATS ने बताया कि आरोपी के घर पर की गई तलाशी में कई संदिग्ध दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और नौजवानों को आतंक की तरफ प्रेरित करने वाली कई चीजें बरामद हुई हैं. इसी मामले में 27 अक्टूबर को पुणे पुलिस ने चेन्नई एक्सप्रेस ट्रेन से चार संदिग्धों को पुणे रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लिया था.
इससे पहले बीते 9 अक्टूबर को ATS ने पुणे में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दस्तावेज और अन्य सबूत मिले थे. इनसे यह संकेत मिला कि क्षेत्र में एक विस्तृत आतंकी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है. पुणे में हुई यह कार्रवाई दिल्ली और भोपाल में हाल ही में गिरफ्तार किए गए दो संदिग्धों से जुड़ी बताई जा रही है.
दिल्ली के सादिक नगर से मुहम्मद अदनान खान उर्फ अबू मुहारिब (19) और भोपाल से अदनान खान उर्फ अबू मोहम्मद (20) को ISIS से जुड़े केस में पकड़ा गया था. जांच एजेंसियों ने खुलासा किया कि दोनों युवकों को ऑनलाइन कट्टरपंथी बनाया गया था और वे सीधे सीरिया में बैठे एक हैंडलर से संपर्क में थे.
रिपोर्टों के मुताबिक, सीरिया में हार के बावजूद इस्लामिक स्टेट ने एक बार फिर मजबूती से वापसी की है. पिछले साल के मुकाबले इस साल उसने 115 आतंकी हमले किए हैं, जबकि 2024 में यह संख्या 72 थी. इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अधिकारियों का कहना है कि भारत में आईएसआईएस की गतिविधियों को अब सीरिया से ऑपरेट किया जा रहा है और हालिया गिरफ्तारियां इसी नेटवर्क का हिस्सा हैं.