)
Maharashtra Renamed Cities: देश में कई स्थानों के नाम बदलने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने यह परंपरा अब महाराष्ट्र में भी शुरू कर दिया है. महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार ने सांगली जिले के 'इस्लामपुर शहर' का नाम बदलकर 'ईश्वरपुर' करने के प्रस्ताव को औपचारिक रुप से मंजूरी दे दी है. हालांकि, सरकार ने नाम बदलने का ऐलान राज्य विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन ही कर दिया था.
इससे पहले 18 जुलाई 2025 को सरकार ने ऑफिशियल तौर पर बताया कि इस्लामपुर का नाम बदलकर 'ईश्वरपुर' किया जाएगा. विपक्ष ने आरोप लगाया है कि यह फैसला राज्य सरकार का एक एजेंडा है, जो धुव्रीकरण के लिए किया जा रहा है. इसके तहत महाराष्ट्र की दक्षिणपंथी सरकार कई स्थानों के नाम बदलने जा रही है.
यह घोषणा राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने विधानसभा में किया. उन्होंने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और अब इसे अंतिम स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा. भुजबल ने कहा, "नाम बदलने का अधिकार केंद्र सरकार के पास है. राज्य कैबिनेट ने अपना काम पूरा कर लिया है और अब प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है."
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्लामपुर का नाम बदलने की मांग नई नहीं है. यह मांग सबसे पहले साल 1986 में उठी थी. तब से लेकर अब तक कई बार यह मुद्दा सामने आता रहा. हाल ही में यह मांग फिर से शिव प्रतिष्ठान नाम के संगठन ने उठाई. इस संगठन की अगुवाई कट्टर हिंदुत्व विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ता संभाझी भिडे करता है.
शिव प्रतिष्ठान संगठन ने सांगली कलेक्ट्रेट में एक ज्ञापन सौंपा था, जिसमें इस्लामपुर का नाम बदलने की मांग की गई थी. संगठन ने चेतावनी दी थी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और पीछे नहीं हटेगा. अब राज्य सरकार के जरिये प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के बाद यह मामला केंद्र सरकार के पास जाएगा, जिसके बाद औपचारिक रूप से नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी होगी.
इस फैसले को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. सरकार का यह कदम राज्य में चल रही एक खास समुदाय से ताल्लुक रखने वाले नाम बदलने की परंपरा के जरिये अपना सियासी आकंक्षा पूरी करना है. पिछले कुछ सालों में बीजेपी सरकार राज्य के कई प्रमुख जगहों के नाम बदल चुकी है. इससे पहले ऐतिहासिक औरंगाबाद का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर, उस्मानाबाद का नाम धाराशिव और अहमदनगर का नाम अहिल्यानगर कर दिया है.