)
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस्लाम पर एक बार फिर विवादित बयान दिया है. उन्होंने इतिहास में सत्ता के लिए हुए राजाओं की लड़ाई को इस्लाम और सनातन की लड़ाई बता दी. उन्होंने कहा कि राजनीतिक इस्लाम ने सनातन धर्म पर सबसे ज्यादा कुठाराघात किया है. सीएम योगी के विवादित बयान पर मौलाना चांद मियां ने जवाब दिया है.
उन्होंने कहा कि वह सीएम योगी की बातों से सहमत नहीं है. मौलाना चांद मियां ने कहा कि भारत में सभी धर्म के लोग रहते हैं और सभी अपने धर्म का प्रचार प्रसार करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि योगी आदित्यनाथ फिजूल के सवाल और जवाब कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस्लाम किसी भी धर्म का अपमान नहीं करता है.
उन्होंने कहा कि एक सूबे के मुख्यमंत्री को ऐसी भाषा का उपयोग नहीं करना चाहिए. मौलाना चांद मियां ने सीएम योगी को नसीहत देते हुए कहा कि आप मुख्यमंत्री हैं और सार्वजनिक पद पर हैं, इसलिए आपको प्यार मोहब्बत की बात करनी चाहिए अखंडता की बात करनी चाहिए.
मौलाना चांद मियां ने कहा कि इतिहास में महाराजाओं के बीच अधिकारों और अपने फायदे को लेकर लड़ाइयाँ हुई हैं, ना कि इस्लाम को लेकर. उन्होंने कहा कि भारत में इस्लाम फैला है और मुसलमान यहीं के निवासी हैं, कोई अमेरिका और लंदन से नहीं आए हैं.
गौरतलब है कि सीएम योगी ने एक भाषण के दौरान राजनीतिक इस्लाम का जिक्र करते हुए कहा कि इतिहास में छत्रपति शिवाजी जैसे अनेकों राजाओं ने राजनीतिक इस्लाम से लड़ाई लड़ी है. इससे पहले भी सीएम योगी ने एक भाषण में मुसलमान राजाओं के आक्रमण को इस्लाम का आक्रमण बताया था. साथ ही आजादी से पहले हिंदुओं की आबादी कथित तौर पर न बढ़ने के लिए इस्लाम के आक्रमण को जिम्मेदार बताया था.