)
Uttar Pradesh News Today: भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने बुर्के को लेकर विवादित बयान दिया. संगीत सोम ने आरोप लगाया कि बुर्के की आड़ में आतंकवाद फैल रहा है, इसलिए बुर्के की आड़ में वोटिंग नहीं होनी चाहिए. संगीत सोम के बयान पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन बरेलवी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
पूर्व विधायक पर निशाना साधते हुए मौलाना शहाबुद्दीन बरेलवी ने कहा कि संगीत सोम एक फिरकापरस्त नेता हैं. उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां वह औरतों की इज्जत करने की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ बुर्का पर सवालिया निशान खड़ा करके उन्हीं औरतों की बेइज्जती करने का काम करते हैं.
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि अगर संगीत सोम नारी शक्ति का सम्मान करते हैं तो उनका बुर्के पर सवालिया निशान खड़े करना बेहद गलत है. संगीत सोम पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यह हमेशा मुसलमानों को कटघरे में खड़ा करने का मौका देखते रहते हैं. संगीत सोम हमेशा मुसलमानों को निशाना बनाते हैं, वह मुसलमान के खिलाफ जहर उगलने का काम करते हैं जो बेहद गलत है.
बता दें, बीजेपी के फायरब्रांड नेता संगीत सोम ने शनिवार (25 अक्टूबर) को मेरठ में एक कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम औरतों के बुर्के को लेकर विवादित बयान दिया था. संगीत सोम ने कहा था कि देश में आतंकवाद और फर्जीवाड़ा बुर्के की आड़ में फल-फूल रहा है और जो भी आतंकवादी सरगर्मियां होती हैं, उनमें बुर्के की बड़ी भूमिका होती है.
संगीत सोम ने कार्यक्रम में यह भी कहा कि आज हमने बिना बुर्के वाली सभी संतानों को बुलाया है. उनका दावा था कि अगर वे बुर्के का जिक्र करते हैं तो समाजवादी नेताओं अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव तुरंत हरकत में आ जाते हैं और आंदोलन की बातें करने लगते हैं. सोम ने कहा कि यह इसलिए क्योंकि उन्हें भी पता है कि बुर्के की आड़ में देश में क्या-क्या गलत हो रहा है.
संगीत सोम ने आगे कहा कि आज आतंकवाद से लेकर फर्जी पहचान तक, हर प्रकार की गड़बड़ी में बुर्का एक ढाल बन गया है. बीजेपी के पूर्व विधायक का कहना है कि अब समय आ गया है कि देश और समाज को सच्चाई का सामना करना पड़े. सोम ने बुर्के को लेकर उठ रही बहस को गंभीर मुद्दा बताते हुए इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और पहचान से जोड़कर पेश किया और मुस्लिम औरतों की पहचान पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया.