)
Fatima Bosch: मिस यूनिवर्स का खिताब दुनिया भर की मॉडल्स का सपना माना जाता है. इस साल 2025 में 130 देशों की प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए मैक्सिको की फातिमा बॉश ने यह ताज अपने नाम कर लिया है. सिर्फ 25 साल की उम्र में फातिमा ने कई विवादों के बावजूद यह मुकाम हासिल किया है.
फातिमा बॉश शुरुआत से ही विवादों में रही हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मिस थाइलैंड के डायरेक्टर नवात इत्साराग्रिसिल ने एक शो के दौरान मंच पर ही उनसे तीखे सवाल किए थे और उनकी योग्यता पर सवाल उठाए थे. इस पर नाराज होकर फातिमा ने मंच से वॉकआउट कर दिया था. इसके बाद वहां मौजूद अन्य कई कॉम्पीटीटर्स ने भी उनका समर्थन करते हुए स्टेज छोड़ दिया था.
विरोधों के बावजूद फातिमा ने शानदार प्रदर्शन कर 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में इतिहास रच दिया है. फाइनल राउंड में दुनिया भर की ब्यूटी क्वीन्स इवनिंग गाउन पहनकर रैंप पर उतरीं थीं इस प्रोग्राम में फर्स्ट रनरअप, थाईलैंड की प्रवीणर सिंह रही थीं. सेकेंड रनरअप मिस वेनेजुएला, और थर्ड रनअप मिस फिलीपींस रहीं.
भारत की तरफ से राजस्थान की मनिका विश्वकर्मा ने भी इस शो में हिस्सा लिया था, लेकिन वह टॉप 12 में जगह नहीं बना पाईं और प्रतियोगिता के 30वें राउंड तक ही पहुंच सकीं. टॉप 12 में ग्वाडेलोप, मेक्सिको, प्यूर्टो रिको, चिली, कोलंबिया, क्यूबा, कोट डी आइवर, वेनेजुएला, चीन, फिलीपींस, थाईलैंड और माल्टा की प्रतिभागियों ने मजबूत प्रदर्शन किया.
इस साल की मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में इंटरव्यू राउंड, स्विमसूट सेगमेंट और इवनिंग गाउन जैसे कई दिलचस्प राउंड आयोजित किए गए. इनके आधार पर जूरी ने टॉप फाइव के लिए फिलीपींस, वेनेजुएला, थाईलैंड, कोट द’ईवोआर और मेक्सिको को चुना. अंत में अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास और बुद्धिमत्ता से सभी को प्रभावित करते हुए फातिमा बॉश ने मिस यूनिवर्स 2025 का ताज अपने नाम किया.