)
Meerut News Today: हमारे देश भारत में टीचर को एक फरिश्ता और देवता की तरह देखा जाता है, क्योंकि वह बच्चों को अच्छे बुरे का फर्क करना सिखाता है और समाज को एक बेहतर दिशा दिखाता है. उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक टीचर की हैरान करने वाली करतूत सामने आई है, जहां एक टीचर ने मामूली बात पर मासूम बच्चे की बेरहमी से पिटाई कर दी.
मिली जानकारी के मुताबिक, मेरठ के लिसाड़ीगेट इलाके से सोमवार (29 सितंबर) को एक मदरसे में 10 साल के मासूम बच्चे को सोने की वजह से बुरी तरह पीटा गया. आरोप है कि मदरसे के मौलाना ने बच्चे को एक के बाद एक 20 डंडे मारे, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया है. घटना की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मौलाना की पिटाई से बच्चे के जिस्म पर नीले-नीले निशान पड़ गए हैं.
स्कूल से लौटकर जब बच्चा घर पहुंचा तो उसने अपनी मां से पूरी आपबीती सुनाई. बच्चे के जिस्म पर निशान देखकर मां-बाप के पैरों तले से जमीन खिसक गई. पीड़ित की मां इसकी शिकायत करने फौरन मदरसे पहुंची, तो आरोपी मौलाना वहां से जा चुका था. पीड़ित की मां ने इसकी शिकायत जब मदरसा संचाल से की तो वह आग बबूला हो गया. उसने पीड़ित बच्चे और उसकी मां को फौरन भगा दिया.
मदरसा संचाल के इस रवैये से पीड़ित पिता, मंगलवार को मेरठ एसएसपी से मिलकर तुरंत कार्रवाई की मांग की. इस पर एसएसपी ने सीओ कोतवाली को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं. बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है. दर्द के कारण वह ठीक से बैठ भी नहीं पा रहा है.
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने कहा कि इस मामले में कल बच्चे के पिता की तरफ से शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनके बेटे की एक मौलाना ने पिटाई की है. उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर लोहिया नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है.