)
Mirzapur Masjid News: उत्तर प्रदेश के मीरजापुर के चुनार इलाके में मौजूद ऐतिहासिक जामा मस्जिद में 25 नवंबर की देर रात लगभग 2:40 बजे अराजकतत्व मस्जिद परिसर में घुस आए और अंदर आग लगा दी. इस अग्निकांड में मस्जिद के मुख्य दरवाजे, बिछी दरी, विद्युत उपकरण और अंदर मौजूद दरी का कारखाना पूरी तरह जल गया. घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया.
दरअसल, मस्जिद के इमाम जाहिद कादरी बगल के कमरे में सो रहे थे. उसी दौरान पीरवाजी शहीद मोहल्ले का युवक साहिल अपने मानसिक रूप से कमजोर भाई को ढूंढ़ते हुए मस्जिद के पास पहुंचा. उसने भीतर से आग और धुआं उठते देखा. तत्काल उसने मस्जिद का दरवाजा पीटकर इमाम को जगाया और स्थानीय लोगों को भी सूचना दी. सभी ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की और कुछ ही देर में आग नियंत्रित कर ली. इसके बाद 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस ने क्या कहा?
सुबह होते ही चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विस्तृत जांच शुरू की. उपजिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा भी घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने बताया कि यह घटना अराजकतत्वों द्वारा सोची-समझी साजिश हो सकती है. मस्जिद के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध लोग दिखाई दिए हैं. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारियां होंगी.
लोगों से की गई अपील
घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में मस्जिद के बाहर इकट्ठा हो गए. कुछ लोग शॉर्ट सर्किट की आशंका भी जता रहे थे, लेकिन अधिकांश का मानना था कि आग जानबूझकर लगाई गई है. नगर पालिका अध्यक्ष मंसूर अहमद ने कहा कि चुनार की गंगा-जमुनी तहजीब को खराब करने की कोशिश की गई है, लेकिन सभी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा, “हमारा शहर हमेशा सौहार्द का उदाहरण रहा है, किसी भी उकसावे में न आएं.”