)
Famous Muslim Actor Become Maulana: बॉलीवुड की चकाचौंध और ग्लैमर भरी ज़िंदगी छोड़कर सादा और रूहानी जीवन अपनाना आसान नहीं है. शोहरत और नाम के इस संसार में कदम रखने के बाद उससे दूर जाना लगभग नामुमकिन लगता है. आज हम आपको ऐसे शख्स के बारे में बताने वाले हैं जिसने कामयाबी और शोहरत की बुलंदियों को छूने के बाद सब कुछ त्याग दिया और मजहब की राह अपना ली. यह कहानी है अभिनेता आरिफ़ खान की, जो आज एक मौलाना और मोटिवेशनल स्पीकर के तौर पर अपनी ज़िंदगी बिता रहे हैं.
आरिफ़ खान, जिन्होंने कभी फिल्मों में अपने दमदार विलन के किरदारों से दर्शकों का दिल जीता था, अब पूरी तरह बदल चुके हैं और उनका जीवन का मकसद भी अब कुछ और है. उनकी शुरुआत ऐसे फिल्म से हुई, जो पूरे हिंदुस्तान को काफी पंसद आई. साल 1991 में अजय देवगन की सुपरहिट फिल्म फूल और कांटे से जहां अजय देवगन ने बॉलीवुड में शानदार एंट्री की, वहीं इस फिल्म में विलन रॉकी का किरदार निभाने वाले आरिफ़ खान भी सुर्खियों में आ गए.
इसके बाद आरिफ़ खान ने मोहरा, दिलजले और वीरगति जैसी फिल्मों में दमदार निगेटिव रोल किए. उन्होंने कई टीवी सीरियल्स में भी काम किया और 90 के दशक में एक पहचान बना ली. लेकिन जिस तेजी से उन्होंने प्रसिद्धि हासिल की, उतनी ही चुपचाप उन्होंने इंडस्ट्री से दूरी बना ली.
साल 2024 में आरिफ़ खान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर सभी को हैरान कर दिया. उन्होंने बताया कि शोहरत, पैसा और ग्लैमर सब कुछ होने के बावजूद उन्हें सुकून नहीं मिला. आरिफ़ ने कहा,"मैं सिर्फ़ 23 साल का था जब मैंने फूल और कांटे की थी. उसके बाद कई फिल्में और टीवी शो किए. सब कुछ मिला, लेकिन सुकून नहीं. फिर अल्लाह ने मुझे हिदायत दी और मेरी ज़िंदगी पूरी तरह बदल गई."
अब आरिफ़ खान मुंबई छोड़कर बेंगलुरु में बस गए हैं. उन्होंने फिल्मी दुनिया से पूरी तरह दूरी बना ली है और अब एक मौलाना के रूप में लोगों को इस्लाम की सीख और प्रेरणा दे रहे हैं.
आरिफ़ खान अब 'पानी कम चाय' नामक मोटिवेशनल प्रोजेक्ट के संस्थापक हैं. इसके अलावा, वे AK Tours & Travels नाम की एक ट्रैवल कंपनी भी चलाते हैं, जो हज और उमरा यात्राओं के लिए जानी जाती है.
उनके सोशल मीडिया अकाउंट मज़हबी तकरीरों से भरा हुआ है, जो उनकी नई ज़िंदगी की झलक दिखाता है. यह जानकर हैरानी होती है कि आरिफ़ खान ने 2007 की हॉलीवुड फिल्म A Mighty Heart में भी काम किया था, जिसमें उन्होंने एंजेलिना जोली के साथ एक टैक्सी ड्राइवर का किरदार निभाया था.
एक इंटरव्यू में आरिफ़ ने अपने बुरे वक्त के बारे में भी खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में बड़े प्रोडक्शन हाउस उन्हें नज़रअंदाज़ करते रहे और यह चिंता उन्हें नशे की लत की ओर ले गई. उन्होंने कहा,"मैं सुकून की तलाश में था और ड्रग्स की ओर चला गया. लेकिन वहां भी चैन नहीं मिला."