)
Mohammad Hamid Indore Garba News: हिंदू समुदाय के पवित्र दशहरा और नवरात्र के अवसर पर गरबा डांस का आयोजन देश भर में हो रहा है. हिंदू संगठनों की ओर से बार-बार यह चेतावनी दी गई है कि गरबा पंडाल में किसी भी गैर-हिंदू का स्वागत नहीं है. साथ ही पकड़े जाने पर मारने-पीटने की भी धमकी दी गई है. वहीं, कई मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी गरबा आयोजन में मुस्लिम नौजवानों को जाने से मना किया है.
इन सब के बावजूद कुछ मुस्लिम नौजवान गरबा पंडाल में प्रवेश कर रहे हैं. ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ है. इंदौरा के खजराना थाना क्षेत्र में अभय प्रभात गरबा पंडाल में एक मुस्लिम युवक प्रवेश कर गया. इस बात की जानकारी वहां मौजूद हिंदू संगठन के लोगों को हुई, जिसके बाद उस युवक के साथ मारपीट की गई. साथ ही पुलिस के हवाले कर दिया गया.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इंदौर के गरबा पंडाल में पकड़े गए मुस्लिम युवक का नाम मोहम्मद हामिद रज़ा है. हामिद बिहार के फूलवारी सरीफ का रहने वाला है. पुलिस ने हामिद को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक हामिद अपनी पहचान छिपाकर गरबा पंडाल में प्रवेश किया था, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ा. जब लोगों ने नाम पूछा तो हामिद ने अपना नाम राहुल बताया, लेकिन आईडी कार्ड पर हामिद लिखा हुआ था. इस बीच आक्रोशित भीड़ ने हामिद की जमकर पिटाई कर दी.
इन सब के बीच सवाल यह उठ रहा है कि जब किसी आयोजन में आयोजकों की ओर से मुस्लिम समुदाय के लोगों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं, तो फिर मुस्लिम नौजवान इन आयोजनों में क्यों जा रहे हैं? बता दें कि गरबा आयोजन में मुस्लिम समुदाय की एंट्री पर पिछले कई सालों से रोक लगाई गई है. हिंदूवादी लोगों का इल्जाम है कि गरबा में मुस्लिम नौजवान लवजिहाद करने के लिए आते हैं.