)
Udaipur Files: राजस्थान के बहुचर्चित कन्हैया लाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. इस फिल्म को लेकर मुस्लिम समुदाय में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है. इस बीच फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' निर्माता अमित जानी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के इल्जाम में एक मुस्लिम नौजवान को गिरफ्तार कर लिया गया है.
दरअसल, फिल्म उदयपुर फाइल्स के प्रोड्यूसर अमित जानी के खिलाफ मोहम्मद शाहिद नाम के एक नौजवान ने फेसबुक पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी की. प्रोड्यूसर अमित जानी अहमदाबाद से फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' का प्रोमशन कर के वापस घर लौटे थे, तभी उनका स्वास्थ्य खराब हो गया. इसके बाद अमित जानी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया. इस दौरान उनके एक फेसबुक पोस्ट पर सूरजपोल क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद शाहिद ने अमित जानी के नीजि जीवन और फिल्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी.
इसके बाद प्रोड्यूसर ने इसकी शिकायत थाने में की. शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूरजपोल क्षेत्र निवासी शाहिद को हिरासत में ले लिया. शाहिद पेशे से फ्लेक्स प्रिंटिंग का काम करता है. इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने जानकारी दी कि युवक ने एक फेसबुक पोस्ट के जवाब में यह आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसका मकसद सिर्फ व्यक्तिगत टिप्पणी करना था या इसके पीछे कोई और वजह थी.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मोहम्मद शाहिद का अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है. इसके बावजूद पुलिस सतर्कता बरतते हुए मामले को गंभीरता से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है कि फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' पर लंबे समय से विवाद चल रहा है. मुस्लिम संगठनों ने इस फिल्म पर रोक लगवाने के लिए हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया, लेकिन मुस्लिम संगठनों को कहीं से राहत न मिली. सिवाय इसके के कि इस फिल्म में कुछ जगहों पर मामूली सीन को हटाया गया है. मुस्लिम संगठनों का इल्जाम है कि यह फिल्म एक प्रोपेगेंडा फिल्म है और मुस्लिम समाज और उनके धर्म को बदनाम करने के लिए इस फिल्म को बनाया गया है.