)
Moradabad News: मुरादाबाद से हिजाब पर विवाद का मामला सामने आया है. जौनपुर में यूपी बोर्ड के एग्जाम के दौरान हिजाब पहनने पर रोके जाने पर खूब हंगामा हुआ. इसके बाद डीआईओएस को बुलायाा गया और छात्राओं को एग्जाम देने की इजाजत दी गई. स्टूडेंट्स का कहना था कि वह एग्जाम छोड़ देंगी लेकिन हिजाब नहीं उतारेंगी.
यह पूरा मामला सोमवार को भोजपुर इलाके में पेश आया है. इस्लामनगर में मौजूद वाईपी सिंह इंटर कॉलेज में छात्राएं सुबह हिंदी का पेपर देनी आई थीं. इस दौरान उन्हें गेट पर ही रोक लिया गया. उनसे हिजाब उतारने के लिए कहा तो उन्होंने इससे मना कर दिया. छात्राओं ने कहा कि एग्जाम छोड़ना मंजूर है लेकिन हिजाब को सिर से उतारना बिलकुल मंजूर नहीं है.
हिजाब को लेकर विवाद बढ़ा तो डीआईओएस देवेंद्र कुमार पांडेय को इस मामले की जानकारी दी गई. उन्होंने हालात को संभालते हुए अकेले में शिक्षिकाओं से छात्राओं की जांच करा कर हिजाब में एग्जाम देने की इजाजत दे दी. छात्राओं के अभिभावकों का कहना है कि उन्हें इस बारे में पहले से बताया जाना चाहिए था.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कॉलेज के प्रिंसिपल कुलदीप कुमार ने इस पूरी घटना की जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि हिजाब पहनकर आई छात्राओं को शिक्षकों ने गेट पर रोका था. पहचान के लिए उनसे हिजाब हटाने के लिए कहा गया तो उन्होंने इसके लिए इनकार कर दिया. बाद में उनकी पहचान करके उन्हें अंदर जाने की इजाजत दी गई.
वहीं, डीआईओएस देवेंद्र कुमार पांडेय का कहना है कि हिजाब की वजह से परीक्षा में रुकावट की कुछ छात्राओं ने शिकायत की थी. महिलाओं से उनकी जांच कराकर एग्जाम देने की इजाजत दे दी है. इसके साथ ही हिदायत दी गई है कि हिजाब की वजह से किसी को न रोका जाए.