)
Rewa Dargah News: देशभर में इस समय हिंदू संगठनों ने मुसलमानों के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. कहीं ईदगाह पर विवाद उठाया जा रहा है, कहीं मस्जिद को लेकर दावे किए जा रहे हैं, तो कहीं दरगाह और मदरसों पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. इन सभी जगहों पर हिंदू संगठनों का दावा है कि पहले मंदिर था. यह सिलसिला बाबरी मस्जिद और मथुरा की शाही ईदगाह से शुरू हुआ और धीरे-धीरे पूरे मुल्क में फैल गया. ज्ञानवापी, संभल की शाही मस्जिद से लेकर अजमेर दरगाह तक विवाद खड़ा किया गया. अब यह मुद्दा अलग-अलग राज्यों तक पहुंचकर लगातार धार्मिक तनाव को हवा दे रहा है और सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा बनता जा रहा है.
इस बीच मध्य प्रदेश के रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोर्गी इलाके से बड़ी खबर सामने आई है, जहां भीड़ ने बीती रात को मशहूर गाजी मियां दरगाह में तोड़फोड़ की है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अज्ञात असामाजिक तत्व दरगाह परिसर में घुस आए और मजार पर हमला कर उसे नुकसान पहुंचाया. सुबह में जैसे ये खबर इलाके में फैली, आसपास के लोगों में गुस्से का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग नजदीकी थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की.
'माहौल बिगाड़ने की हो रही है कोशिश'
लोगों ने दावा किया कि धार्मिक स्थल को निशाना बनाना सोची-समझी साजिश है. ग्रामीणों का कहना है कि किसी की आस्था पर चोट पहुंचाना समाज को बांटने और माहौल खराब करने की कोशिश है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया और दरगाह परिसर और उसके आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
SDM और DSP ने क्या कहा?
एसडीएम अनुराग तिवारी ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत समुदाय के लोग मिलकर कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और शांति बनाए रखने के लिए ग्रामीणों से अपील की गई है. डीएसपी हेडक्वार्टर हिमानी पाठक ने बताया कि घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें मजार को नुकसान पहुंचाए जाने की बात सामने आई. पुलिस ने इस आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है.