)
Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है. पहले चरण में 6 नवंबर को 121 सीटों पर चुनाव होगा, जबकि दूसरे चरण में 11 नवंबर को 122 सीटों पर चुनाव होगा. चुनाव से ठीक पहले महागठबंधन का घटक दल विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने मंगलवार (4 नवंबर) को बड़ा ऐलान किया है. जिसे चुनाव से ठीक पहले पार्टी का मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है.
VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने दरभंगा के गौरा बौराम विधानसभा सीट से अपने प्रत्याशी का नाम वापस लेने का ऐलान किया है. मुकेश सहनी के फैसले बिहार विधानसभा चुनाव में एक बड़ा और रणनीतिक फैसला माना जा रहा है. VIP ने गौरा बौराम सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवार मोहम्मद अफजल अली खां को समर्थन देने का ऐलान किया.
दरभंगा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान VIP के संस्थापक और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि चुनावी प्रक्रिया के शुरुआती दौर में गौरा बौराम विधानसभा क्षेत्र से RJD और VIP दोनों दलों के उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था. मुकेश सहनी ने बताया कि वह सेक्यूलर वोटों का बिखराव नहीं चाहते हैं, इसलिए उन्होंने अपने RJD प्रत्याशी को समर्थन देने का ऐलान किया है.
मुकेश सहनी ने कहा कि आखिरकार आज VIP के उम्मीदवार संतोष सहनी ने बड़ा दिल दिखाते हुए RJD उम्मीदवार के समर्थन में चुनावी मैदान से खुद को हटा लिया है. उन्होंने साफ कहा कि अगर दोनों उम्मीदवार मैदान में बने रहते, तो इसका सीधा फायदा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को मिलता. इसलिए बिहार के हित में यह फैसला लिया गया है.
VIP प्रमुख ने कहा कि यह चुनाव किसी एक उम्मीदवार को जिताने की नहीं बल्कि महागठबंधन की सरकार बनाने की लड़ाई है. उन्होंने कहा कि "अगर RJD उम्मीदवार जीतते हैं, तो सरकार महागठबंधन की ही बनेगी. इसलिए हमारा लक्ष्य सरकार बनाना है, न कि किसी सीट पर व्यक्तिगत जीत हासिल करना है."
मुकेश सहनी ने वीआईपी के सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे पूरी ईमानदारी और एकजुटता के साथ RJD उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए कड़ी मेहनत करें. उन्होंने कहा कि बिहार के दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में भी अगर इसी तरह के हालात पैदा होते हैं तो वहां भी किसी एक उम्मीदवार को त्याग करना पड़ेगा. ताकि लालू प्रसाद यादव के सामाजिक न्याय के संघर्ष को आगे बढ़ाया जा सके और महागठबंधन की एकता मजबूत बनी रहे.
मुकेश सहनी की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव ने चुनावी प्रचार किया था. तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर भी लाइव आकर कहा था कि गौरा बौराम के लोगों से अपील है कि वह अपना एक-एक वोट नाव को दें और हमारे भाई संतोष सहनी को कामयाब बनाएं. तेजस्वी कहा था कि किसी के बहकावे में न आएं, यह बिहार बनाने और संविधान बचाने का चुनाव है. 20 साल पुरानी सरकार को उखाड़ फेंकने का चुनाव है.