)
Mumbai Crime News: मुंबई के वर्ली इलाके से एक दिल-दहला देने वाली घटना सामने आई है, यहां पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दो भाइयों ने एक 48 वर्षीय व्यक्ति हुसैन मोहम्मद उमर शेख की पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं, पुलिस ने हत्या के आरोपी दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, मुंबई के वर्ली इलाके में दो पड़ोसियों में मामूली झड़प हिंसक रूप ले ली और योगेश धीवर और समीर धीवर नाम के दो व्यक्तियों ने अपने ही पड़ोसी हुसैन मोहम्मद उमर शेख की निर्मम हत्या कर दी. वर्ली पुलिस के मुताबिक यह घटना बीडीडी चॉल क्षेत्र में हुई, जहां मृतक हुसैन मोहम्मद उमर और हत्याकांड के आरोपी दोनों भाई पड़ोसी थे. पुलिस ने बताया कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब हुसैन मोहम्मद उमर ने कथित तौर पर योगेश धीवर की बेटी के साथ मारपीट की.
इस मारपीट की घटना से गुस्साए योगेश और उनके भाई समीर ने हुसैन मोहम्मद उमर पर हमला कर दिया. दोनों भाइयों ने हुसैन को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा हुसैन को घायल अवस्था में तुरंत नजदीकी नायर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
मृतक हुसैन मोहम्मद उमर वर्ली के बीडीडी चॉल नंबर 15 में रहता था और मिक्सर ग्राइंडर रिपेयर का काम करता था. वहीं, आरोपी योगेश एक अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में काम करता है, जबकि उसका भाई समीर पास के चॉल नंबर 14 में रहता है. वर्ली पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों, योगेश और समीर धीवर को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
गिरफ्तारी के बाद दोनों भाइयों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद के पीछे की सटीक वजह क्या थी और क्या इसमें कोई पुरानी रंजिश भी शामिल थी. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी विवाद को कानूनी तरीके से सुलझाने की अपील की है. इस मामले में आगे की जांच जारी है, और पुलिस अन्य गवाहों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सके.