West Bengal Father Son Accident: मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां छत पर काम करते समय पिता को करंट लगा. इसके बाद बाप बेटे के मोहब्बत की अनोखी मिसाल देखने को मिली. हादसा इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
Trending Photos
)
Murshidabad News: बाप- बेटे का रिश्ता सिर्फ खून का नहीं होता, उसमें मोहब्बत, भरोसा और कुर्बानी भी होती है. कई बार यही मोहब्बत किसी को जान जोखिम में डालने पर मजबूर कर देती है. पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से सामने आई यह घटना भी कुछ ऐसी ही है, जहां एक बेटे ने अपने पिता को बचाने की कोशिश में अपनी जान गंवा दी. इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
यह घटना 12 जनवरी को मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज इलाके में हुई. यह हादसा सोमवार की सुबह के समय हुआ. मृतक युवक का नाम अब्दुल कादिर बताया गया है, जिसकी उम्र करीब 22 साल थी. परिवार वालों के मुताबिक, उस सुबह अब्दुल कादिर के पिता, तदबीर शेख, अपने घर की छत पर पानी की टंकी से जुड़ा कुछ काम कर रहे थे. उनके घर की छत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज बिजली की तार गुजर रही थी, जो काफी खतरनाक मानी जाती है.
जब तदबीर शेख पानी की टंकी की मरम्मत कर रहे थे, तभी अचानक उनका हाथ ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज तार से छू गया. जैसे ही हाथ तार से लगा, तेज करंट दौड़ गया और वह बुरी तरह झुलसने लगे. करंट लगते ही वह तड़पने लगे और खुद को संभाल नहीं पाए.
अपने पिता को इस हालत में देखकर अब्दुल कादिर से रहा नहीं गया. उसने एक पल भी नहीं सोचा और तुरंत अपने पिता को बचाने के लिए दौड़ पड़ा. उसे सिर्फ इतना दिख रहा था कि उसका पिता दर्द से तड़प रहा है. जैसे ही अब्दुल कादिर ने अपने पिता को छुआ, वह खुद भी करंट की चपेट में आ गया. तेज झटके के साथ दोनों बाप-बेटा दूर जा गिरे.
हादसा होते ही घर में चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग भी शोर सुनकर मौके पर पहुंचे. परिवार वालों और स्थानीय लोगों ने बिना देर किए दोनों को तुरंत जंगीपुर अस्पताल ले जाया. रास्ते भर परिवार वाले दुआ करते रहे कि दोनों की जान बच जाए. लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अब्दुल कादिर को मृत घोषित कर दिया.
डॉक्टरों ने बताया कि करंट लगने से उसकी मौके पर ही हालत बहुत गंभीर हो चुकी थी. वहीं, पिता तदबीर शेख की हालत भी बेहद नाजुक बनी हुई है. उन्हें अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है और डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए है.
अब्दुल कादिर की मौत की खबर मिलते ही पूरे घर में मातम छा गया. मां, बहन- भाई और दूसरे रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस बेटे ने अपने पिता की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की, उसकी मौत ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है. घर में हर तरफ सन्नाटा और आंसुओं का माहौल है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने अब्दुल कादिर के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जंगीपुर अस्पताल के शवगृह भेज दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह भी देख रही है कि घर के ऊपर से इतनी खतरनाक हाई वोल्टेज लाइन किस तरह से गुजर रही थी और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही रही है.
इस हादसे के बाद रघुनाथगंज इलाके में भी शोक का माहौल है. पड़ोसी और जान-पहचान वाले लोग लगातार घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे हैं. हर कोई इस बात से दुखी है कि एक बेटा अपने पिता को बचाने की कोशिश में खुद इस दुनिया से चला गया.
अखबारे मशरिक में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है. अब्दुल कादिर के शव का पोस्टमार्टम जंगीपुर अस्पताल में किया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. पिता तदबीर शेख का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत को लेकर परिवार बेहद चिंतित है.
यह भी पढ़ें: सत्ता के लिए गलबहियां कर दो धुर-विरोधी; अकोट में फिर दिखा BJP-AIMIM का'सीक्रेट गेम'