)
Nitish Kumar Hijab Controversy: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पिछले दिनों एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने पर विवाद खड़ा हो गया है. मुस्लिम समाज, विपक्षी दलों के नेता के साथ बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियों ने इस घटना के लिए नीतीश कुमार की आलोचना की है. अब यह विवाद तूल पकड़ लिया है. बिहार से शुरू हुआ विवाद देश के कई कोने में पहुंच गया है. गुजरात के अहमदाबाद और राजस्थान के कोटा में नीतीश कुमार के खिलाफ मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रोटेस्ट किया और माफी मांगने की मांग की.
गुजरात के अहमदाबाद में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादूल मुस्लिमीन के नेता और कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों ने नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. यहां लोगों ने नीतीश कुमार की आलोचना की और कहा कि नीतीश कुमार को इस घटना के लिए माफी मांगनी होगी. वहीं, राजस्थान के कोटा में नुसरत परवीन का हिजाब खींचे जाने की घटना के बाद इलाके में तनाव देखने को मिला.
मुस्लिम समाज के गुस्साए लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला जलाया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह घटना भेदभाव की नीति को दर्शाती है. लोगों ने कहा कि यह घटना सोची-समझी साजिश का हिस्सा है.
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारा लगाया कि नारी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, भेदभाव नहीं चलेगा. लोगों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा हिजाब खींचने की घटना की निंदा की. लोगों ने मांग करते हुए कहा कि नीतीश कुमार को इस घटना के लिए पीड़िता से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए.
इससे पहले बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियों ने हिजाब खींचने की घटना पर नीतीश कुमार की आलोचना की है. बॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री सना खान ने इस मामले पर कहा कि उन्हें हिजाब खींचने वाली वीडियो देखकर बेहद गुस्सा आया और मन कर रहा था कि नीतीश कुमार के कान के नीचे दो खींचकर लगाऊँ. वहीं, पूर्व अभिनेत्री जायरा वसीम ने कहा कि औरत कोई खिलौना नहीं जिससे खेला जाए. उन्होंने नीतीश कुमार से इस घटना के लिए माफी मांगने की मांग की. अभिनेत्री राखी सावंत ने कहा कि अगर वह नीतीश कुमार की धोती खींच दें तो कैसा लगेगा.