)
Ajmer Sharif Dargah News Today: केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की अगुवाई वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार के 12 साल पूरे हो गए, जबकि नरेंद्र मोदी देश के तीसरे सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बने. इस मौके पर अजमेर स्थित गरीब नवाज ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में खास दुआ का आयोजन किया गया.
ख्वाजा गरीब नवाज के प्रति गहरी अकीदत और सियासत के इस खास संगम में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों ने दरगाह पहुंचकर मखमली चादर और फूल पेश किए. साथ देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए खास दुआ मांगी.
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हामिद मेवाती की अगुवाई में मोर्चा के कई पदाधिकारी दरगाह पहुंचे. सभी ने ख्वाजा साहब की मजार पर अकीदत के फूल चढ़ाए और चादर पेश कर केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर खास दुआ की.
दरगाह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और लगातार कामयाबी के लिए भी मन्नत मांगी गई. मोर्चा के नेताओं ने देश में अमन, तरक्की और खुशहाली के लिए भी दुआएं की.
हामिद मेवाती ने बताया कि केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सिर्फ अजमेर ही नहीं, बल्कि राजस्थान के दूसरे जगहों पर मौजूद दरगाहों और मस्जिदों में भी दुआ का आयोजन किया गया. उन्होंने कहा कि अलग-अलग स्थानों पर लोगों ने देश और प्रदेश की तरक्की के लिए प्रार्थना की है.
उन्होंने केंद्र और राजस्थान सरकार के कामों की सराहना करते हुए कहा कि दोनों सरकारें विकास और जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही हैं. हामिद मेवाती के मुताबिक, जनता के हित में चल रही योजनाओं का फायदा समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है.
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सूफी संवाद के आबिद अली चौधरी, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार रणजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री जंग बहादुर पठान सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने मिलकर दरगाह में हाजिरी दी और देश, प्रदेश तथा सरकार की सफलता और खुशहाली के लिए दुआ की.
अजमेर की ऐतिहासिक दरगाह में आयोजित यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित विशेष आयोजनों का हिस्सा रहा. बता दें, मई 2014 में केंद्र में लगातार 10 साल से सत्ता में रही कांग्रेस को हार मिली थी, और बीजेपी ने एनडीए के घटक दलों के साथ प्रचंड बहुमत से जीत हासिल की थी. इसके बाद बीजेपी ने साल 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में भी जीत हासिल की. बीजेपी लगातार तीन टर्म से सरकार में है.