)
Muzaffarnagar News Today: उत्तर प्रदेश में सिर्फ अल्पसंख्यक समुदाय के आम आदमी ही नहीं खुद रक्षक ही सुरक्षित नहीं है. प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से इतवार (3 नवंबर) शाम की एक घटना ने कानून व्यवस्था की ढिंढोरा पीटने वाले प्रशासन की कलई खोल दी. यहां रॉन्ग साइड से आ रहे कार सवार दबंगों ने ड्यूटी पर तैनात एक मुस्लिम ट्रैफिक पुलिसकर्मी की बेरहमी से पिटाई कर दी.
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना मुजफ्फरनगर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि दबंगों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी जमीन अली की वर्दी तक फाड़ दी और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से पिटाई कर दी. इस दौरान मौके पर मौजूद कई लोगों ने पूरी वारदात को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
ट्रैफिक पुलिसकर्मी जमीन अली इतवार शाम को नावेल्टी चौक पर पूरी ईमानदारी के साथ ड्यूटी कर रहे थे, तभी एक कार रॉन्ग साइड से आती दिखाई पड़ी. यह देखकर जमीन अली कार को रोका. पुलिसकर्मी जमीन अली का इस तरह से कार रोकना दबंगों को नागवार गुजरी. फिर क्या था नाराज दबंग भड़क गए और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी.
मुस्लिम पुलिसकर्मी के साथ इस तरह से मारपीट की घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और भीड़ जमा हो गई. इसी बीच सूचना मिलने पर नगर कोतवाल बबलू कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी कार को लॉक कर मौके से फरार हो चुके थे. घटना के बाद एक हैरान करने वाला मामला सामने आया.
दरअसल, जब दबंग कार लॉक करके भागे तो चार साल की मासूम बच्ची अंदर ही सोई हुई थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार का शीशा तोड़कर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस की इस सूझबूझ की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं. पुलिस अधिकारियों ने अगर समय पर कार्रवाई नहीं की होती तो बच्ची की जान पर बन सकती थी.
घटना के बाद पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है. मुस्लिम ट्रैफिक पुलिसकर्मी जमीन अली के साथ इस तरह से मारपीट की घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
आज तक ने एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत के हवाले से बताया कि नावेल्टी चौक पर ट्रैफिक पुलिस के जरिये रॉन्ग साइड से आ रही गाड़ी को रोका गया था. इस बात से नाराज होकर गाड़ी सवार दबंगों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता और मारपीट की. पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. उन्होंने कहा कि सारे अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यूपी में दबंगों के हौसले बुलंद हैं. मुजफ्फरनगर में ड्यूटी कर रहे मुस्लिम ट्रैफिक पुलिसकर्मी जमीन अली की दबंगों ने रॉन्ग साइड रोकने पर बेरहमी से पिटाई कर दी. वारदात का वीडियो वायरल हो गया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है.