Janeta Sharif Dargah Illegal Property Case: संभल की जनेटा शरीफ दरगाह के मुतवल्ली सैय्यद शाहिद मियां अक्सर विवादों में रहते हैं. बीते दिनों अवैध अस्पताल चलाने और सरकारी जमीन पर कब्जा करने के आरोप लगे थे. वहीं, अब एक और नया मामला सामने आया है. एक शख्स ने शाहिद मियां के खिलाफ शिकायत कर उनके अकूत संपत्तियों की जांच की मांग की है.
Trending Photos
)
Sambhal Janeta Sharif Dargah News: संभल में जनेटा शरीफ दरगाह के मुतवल्ली और कथित मुस्लिम धर्मगुरु सैय्यद शाहिद मियां एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. अवैध अस्पताल संचालन और सरकारी तालाब पर कब्जे के मामले के बाद, अब वे अकूत प्रॉपर्टी की शिकायत के चलते नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) के रडार पर आ गए हैं.
NIA ने संभल के एसपी कृष्ण विश्नोई को पत्र भेजकर सैय्यद शाहिद मियां, उनके दो बेटों समेत कुल चार लोगों की संपत्ति की जांच रिपोर्ट मांगी है. एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू कर दी है. यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
यह मामला चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र स्थित जनेटा शरीफ दरगाह का है. जनेटा गांव के मोहम्मद जावेद मोहम्मद ने NIA के रीजनल ऑफिस, लखनऊ को शिकायती पत्र भेजकर गंभीर आरोप लगाया हैं. शिकायत पत्र में कहा गया है कि दरगाह के मुतवल्ली शाहिद मियां, उनके परिवार और करीबियों ने खाड़ी देशों से अवैध धन अर्जित कर अकूत संपत्ति बनाई है.
NIA की कार्रवाई को लेकर जब जनेटा शरीफ जाकर शाहिद मियां से बात की, तो वे शिकायत के मुद्दे पर भड़क गए. शाहिद मियां ने कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं. इतना ही नहीं सैय्यद शाहिद मियां ने आरोप लगाया कि "हालात बदले हुए हैं और शिकायत करने वाला शख्स इन्हीं हालात का फायदा उठाकर उन्हें परेशान कर रहा है."
जनेटा शरीफ दरगाह के मुतवल्ली शाहिद ने दावा किया कि वह लोगों की खिदमत कर रहे हैं और उनकी दुआ से लोगों की मुरादें पूरी हो रही हैं. गौरतलब है कि शाहिद मियां इससे पहले दरगाह में अवैध अस्पताल चलाने और सरकारी तालाब पर कब्जे के आरोपों में भी विवादों में रह चुके हैं. अवैध अस्पताल संचालन के मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है.
यह भी पढ़ें: कानपुर तक पहुंची दिल्ली ब्लास्ट की आंच, GSVM कॉलेज ने इस जगह से हटाया डॉ शाहीन का नाम