)
Bareilly News Today: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में बीते माह 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद 'I Love Muhammad' के समर्थन में निकाले गए जुलूस के दौरान हिंसा भड़क गई थी. इस मामले में दरगाह आला हजरत परिवार के सदस्य और इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया.
वहीं, इसी परिवार की एक महिला सदस्य के बयान ने सभी का ध्यान अपनी ओर छींचा है. सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की नेत्री और दरगाह आला हजरत परिवार की बहू रह चुकी निदा खान ने लगातार धमकियां मिलने का दावा किया है. निदा खान ने वीडियो जारी कर सुरक्षा की गुहार लगाई है.
दरगाह आला हजरत परिवार का एक मेंबर रहीं निदा खान ने वीडियो जारी कर अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. निदा ने कहा कि उन्हें लगातार फोन कॉल्स और सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने आरोप लगाए कि "कुछ लोग कॉल कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. हालांकि, फोन पर आए कॉल का नंबर नहीं दिखाई पड़ता है."
निदा खान ने कहा कि उनकी शादी दरगाह आला हजरत परिवार में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद ही उनकी शादी को लेकर विवाद शुरू हो गया. फिलहाल यह मामला अदालत में विचाराधीन है. उन्होंने बताया कि बीते दस सालों में उन्हें कई बार जान से मारने की धमकियां मिलीं और उन पर हमले भी हुए हैं.
'बरेली हिंसा के बाद बिगड़ गए हालात'
इस दौरान निदा ने मौलाना तौकारी रजा और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी. निदा ने बताया कि 26 सितंबर को दरगाह से जुड़े मौलाना तौकीर मियां की गिरफ्तारी के बाद हालात और ज्यादा बिगड़ गए हैं. निदा का कहना है कि उन्होंने उस वक्त कुछ नहीं कहा क्योंकि मामला संवेदनशील था, लेकिन अब उनके फॉलोवर्स खुलेआम गालियां दे रहे हैं और धमकियां भेज रहे हैं.
वीडियो में निदा के जरिये आरोप बताया गया है कि "मौलाना तौकीर मियां के समर्थक, उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर गालियां लिख रहे हैं और वीडियो पर भद्दी टिप्पणियां कर रहे हैं." उन्होंने कहा, "जब मैं घर से निकलती हूं तो कोई पीछा करता है, कोई देखकर मुड़कर धमकी देता है. अब ऐसा लगने लगा है कि बरेली में रहते हुए भी मैं खुदको सुरक्षित नहीं महसूस नहीं करती हूं."