)
Nitish Kumar Burqa Controversy: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का बुर्का खींच दिया था. इस घटना के बाद विपक्ष नीतीश कुमार और बीजेपी पर हमलावर है. जबकि मुस्लिम संगठन नीतीश कुमार के इस हरकत से नाराज हो गए हैं और मांफी मांगने की अपील कर रहे हैं. इस बीच डॉ नुसरत परवीन के भाई ने इस घटना को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा, "मेरी बहन ने नौकरी नहीं करने का पक्का इरादा कर लिया है."
डॉ नुसरत परवीन के भाई ने कहा कि मेरी बहन ने नौकरी न करने का मन बना लिया है, हालांकि मैं और मेरा परिवार उसे समझाने की कोशिश कर रहे हैं. हम उसे कह रहे हैं कि यह किसी और की गलती थी, तो उसे बुरा क्यों लगना चाहिए और उसे किसी और की वजह से अपनी नौकरी क्यों छोड़नी चाहिए?
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि बिहार की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक सरकारी मेडिकल कॉलेज भर्ती परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अपॉइंटमेंट लेटर बांट रहे थे. इसी कार्यक्रम के दौरान डॉ नुसरत परवीन भी अपना अपॉइंटमेंट लेटर लेने आईं. तभी नीतीश कुमार ने उनका हिजाब खींचा. जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो लोगों में गुस्सा फैल गया. विपक्ष CM नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है, जबकि मुस्लिम संगठन नीतीश कुमार को महिलाओं से माफी मांगने की अपील कर रहे हैं.
बिहार से जम्मू-कश्मीर तक हो रही है नीतीश की निंदा
इस घटना के बाद SP सांसद इकरा हसन और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने नीतीश कुमार के खिलाफ एक कैंपेन शुरू किया है. इमारत शरिया ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से देश भर की महिलाओं से माफ़ी मांगने की अपील की है. इस बीच, मुस्लिम संगठनों के सदस्यों ने नीतीश कुमार को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने इस घटना के लिए माफ़ी नहीं मांगी तो बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. विपक्षी पार्टियां भी CM नीतीश कुमार के इस्तीफ़े की मांग कर रही हैं.