)
Nuh News: नूह के सलंबा गांव के गर्ल्स मिडिल स्कूल में रविवार को हुई पंचायत में ग्रामीणों ने कड़े फैसले लिए है. इस पंचायत में नशाखोरी, चोरी और अन्य सामाजिक बुराइयों में लिप्त लोगों को पुलिस के हवाले कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराने की बात की गई है. इसके साथ ही गाय और ऊंट जैसे प्रतिबंधित जानवरों के मांस की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर युवाओं द्वारा मोबाइल फोन पर संगीत बजाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है.
हाजी रज्जाक और इब्राहिम पहलवान की सदारत में गांव के स्कूल में हुई पंचायत में यह फैसला लिया गया. फैसले का ऐलान समाजसेवी सिंह ने किया छह हजार की आबादी वाले इस गांव के लोगों ने हाथ उठाकर उनका स्वागत किया और गांव से इन बुराइयों को मिटाने का संकल्प लिया.
गांव के गर्ल्स स्कूल में कई घंटों तक चली पंचायत बैठक में बारह फैसले लिए गए. सामाजिक कार्यकर्ता सिंह ने पंचायत के फैसलों को जनता के सामने पेश किया. गांव में जुआ, सट्टा, शराब, गांजा और नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. इसके अलावा, जो कोई भी प्रतिबंधित जानवर जैसे गोमांस और ऊंट का मांस बेचता पाया जाएगा, उसे पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा. पंचायत के फैसले के अनुसार, युवा सड़कों पर अपने मोबाइल फोन पर गाना नहीं बजाएंगे.
इसके साथ ही गांव में कोई भी ताश नहीं खेलेगा. कोई भी युवक स्कूल समय में सरकारी स्कूल के गेट के पास खड़ा नहीं होगा. यह फैसला स्कूल की छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर उठाया गया है. जो भी चोरी करेगा या चोर की मदद करेगा, उसे पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा.
सामाजिक बुराइयों से निपटने के लिए आयोजित पंचायत के बारे में गांव निवासी इब्राहिम पहलवान, असहाब जाफर और ओर साई सिंह ने कहा कि गांव में कुछ लोगों में नशाखोरी की शिकायत थी. उन्होंने ग्रामीणों को नशे की लत से बचाने और उनमें फैल रही बुराइयों को रोकने के लिए पंचायत का आयोजन किया. पंचायत में सभी ने हिस्सा लिया था.