Assam CM Himanta Biswa Sarma: असम सरकार लगातार कथित देशद्रोही टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. सीएम हिमंत बिस्वा सराम ने इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर NSA लगाने की चेतावनी दी है. इससे पहले AIUDF विधायक को भी देश विरोध टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है.
Trending Photos
)
Assam News Today: पहलगाम के बैसरन घाटी में हालिया दिनों आतंकवादियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई. इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का बड़ा बयान सामने आया है. हिमंता बिस्वा सरमा ने रविवार (27 अप्रैल) को बताया कि पहलगाम हमले के बाद कथित रूप से "देशद्रोही टिप्पणियां" करने के आरोप में असम में अब तक कम से कम 16 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
इसकी जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा कि "अब तक कुल 16 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया है. इससे एक दिन पहले शनिवार को सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया था कि इस तरह के मामलों में कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया था.
सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के जरिये शेयर की गई सूचना के मुताबिक, रविवार (27 अप्रैल) को भी देशद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है. इसके तहत असम की गोलाघाठ पुलिस ने देश विरोधी टिप्पणी करने के आरोप में दधीचि डिंपल उर्फ डिंपल बोरा को गिरफ्तार किया है. साथ में तमुलपुर पुलिस ने ताहिब अली को जबकि उदलगुरी पुलिस ने बिमल महतो को गिरफ्तार किया है.
कल शनिवार (26 अप्रैल) को भी असम पुलिस ने देश विरोधी टिप्पणी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया था. सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के जरिये सोशल मीडिया पर शेयर की गई सूचना के मुताबिक, सुमन मजूमदार उर्फ बुलबुल आलम मजूमदार को हैलाकांडी पुलिस ने गिरफ्तार किया, जबकि मसूद अजहर को नगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
असम पुलिस लगातार देश विरोधी टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. गिरफ्तार किए गए लोगों में ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) के विपक्षी विधायक अमीनुल इस्लाम भी शामिल हैं.
मुख्यमंत्री सरमा ने रविवार को कहा कि अगर जरुरी हुआ तो गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के प्रावधान भी लगाए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि "भारत और पाकिस्तान के बीच कोई समानता नहीं है. दोनों देश दुश्मन राष्ट्र हैं और हमें इसी तरह रहना चाहिए."
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने स्पष्ट किया है कि उनका मकसद प्रदेश में पाकिस्तान और बांग्लादेश समर्थक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई करना और उन पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करना है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि देश विरोधी बयानों और गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.