Shikhar Dhawan Statement: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बाद पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी शाहिद आफरीदी को भारत विरोधी बयान के लिए लताड़ लगाई है. शिखर धवन ने आफरीदी को नसीहत देते हुए कहा कि बेवजह कॉमेंट करने से अच्छा है कि अपने देश की तरक्की में दिमाग लगाओ.
Trending Photos
)
Pahalgam Terror Attack Update: पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी को करारा जवाब दिया है. शिखर धवन ने अपने ऑफिशिलय एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट संदेश में शाहिद अफरीदी को कड़ी फटकार लगाते हुए भारतीय सेना पर उनकी टिप्पणी की निंदा की.
अपने पोस्ट में धवन ने अफरीदी को 1999 में भारत के हाथों पाकिस्तान की करगिल युद्ध में हार की याद दिलाई. शिखर धवन ने आफरीदी को टैग करते हुए लिखा, "करगिल में भी हराया था. पहले ही इतना गिरे हुए हो और कितना गिरोगे." आफरीदी को लताड़ लगाते हुए भारत के पूर्व खब्बू बल्लेबाज ने कहा, "बेवजह कॉमेंट करने से अच्छा है कि अपने देश की तरक्की में दिमाग लगाओ शाहिद आफरीदी. हमें हमारी इंडियन आर्मी पर बहुत गर्व है. भारत माता की जय. जय हिंदी."
इससे पहले हैदराबाद सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी शाहिद आफरीदी के आपत्तिजनक और भारत विरोधी टिप्पणी करने पर कड़ी फटकार लगाई थी. दरअसल, पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद आफरीदी ने भारत पर पहलगाम में "गलतियां" करने का आरोप लगाया था.
शाहिद आफरीदी ने विवादित बयान देते हुए दावा किया था कि "भारत खुद आतंकवाद फैलाता है और फिर पाकिस्तान पर आरोप लगाता है." आफरीदी के विवादित बयान पर पलटवार करते हुए AIMIM प्रमुख ने कहा, "वो कौन है? मेरे सामने ऐसे जोकरों के नाम मत लीजिए. ऐसे लोगों को भूल जाइए."
बता दें, बीते 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन घाटी में आतंकवादियों ने हमला कर दिया था. आतंकियों के इस कायराना हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए थे. इस घटना के बाद भारत पाकिस्तान सीमा पर तनाव बढ़ गया है.
आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के जरिये आतंकवाद को समर्थन देने के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 23 अप्रैल को हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए. इसके तहत जब तक पाकिस्तान आतंकवादियों का स्थायी रुप से समर्थन करता है, तब तक के लिए भारत सरकार ने 1960 के Indus Waters Treaty को खत्म कर दिया.
भारत सरकार ने पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारियों को 'अवांछित व्यक्ति' (Persona Non Grata) घोषित कर एक सप्ताह के भीतर भारत छोड़ने का आदेश दिया है. इसके अलावा SAARC वीजा छूट योजना के तहत जारी सभी वीजा रद्द कर दिए गए हैं. पाकिस्तान के नागरिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है और सभी पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया.