Pakistan Iran Expels Afghan Refugees: अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में वापसी के बाद उसके रिश्ते पाकिस्तान से बिगड़ते जा रहे हैं. मुस्लिम मानवाधिकारों का ठेका लेने वाले पाकिस्तान अब मजलूम और लाचार अफगान शरणार्थियों को जबरन अपने देश से निकाल अफगानिस्तान वापस भेजा रहा है. पाकिस्तान के नक्शेकदम पर चलते हुए ईरान ने भी बड़ी संख्या में अफगान शरणार्थियों को वापस उनके वतन भेज दिया.
Trending Photos
)
Afghanistan News Today: पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालिया दिनों से हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. इसी बीच पाकिस्तान से अफगान शरणार्थियों को जबरदस्ती बाहर निकाले जाने की प्रक्रिया तेज हो गई है. एक अफगान अधिकारी ने शनिवार (13 दिसंबर) को जानकारी दी कि बीते दो दिनों में ईरान और पाकिस्तान से 10,000 से ज्यादा अफगान शरणार्थियों को जबरन वापस भेजा गया है.
अफगानिस्तान की अंतरिम सरकार के उपप्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रवासियों से जुड़े मामलों के समाधान के लिए काम करने वाले हाई कमीशन की एक रिपोर्ट शेयर की. उन्होंने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को कुल 1,939 परिवार अफगानिस्तान लौटे, जिनमें 10,043 लोग शामिल थे.
रिपोर्ट के मुताबिक, यह शरणार्थी अफगानिस्तान में हेरात के इस्लाम कला, निमरोज के पुल-ए-अब्रेशम, कंधार के स्पिन बोल्डक, हेलमंद के बहरामचा और नंगरहार के तोरखम जैसे बड़े बॉर्डर क्रॉसिंग पॉइंट्स के जरिए देश में दाखिल हुए. हमदुल्ला फितरत ने बताया कि लौटे हुए लोगों में से 1,464 शरणार्थी परिवारों को उनके आबाई इलाकों में भेज दिया गया, जिनमें 8,140 लोग शामिल थे.
वहीं, 1,279 परिवारों को मानवीय सहायता उपलब्ध कराई गई. इसके अलावा टेलीकम्युनिकेशन कंपनियों की ओर से लौटने वाले शरणार्थियों को 1,626 सिम कार्ड भी दिए गए हैं. हमदुल्ला फितरत ने यह भी बताया कि इससे पहले पिछले बुधवार को पाकिस्तानी और ईरानी अधिकारियों ने मिलकर 2,300 अफगान शरणार्थियों को जबरदस्ती वापस भेज दिया था. इससे पहले भी नवंबर की शुरुआत में बड़ी संख्या में अफगान शरणार्थियों को पाकिस्तान और ईरान से जबरन लौटाया गया था.
इस बीच संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त (UNHCR) ने बताया है कि पाकिस्तान ने साल 2025 में रिकॉर्ड संख्या में अफगान प्रवासियों को हिरासत में लिया है. UNHCR के मुताबिक, सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां बलूचिस्तान और पंजाब प्रांतों में हुई हैं. अफगानिस्तान की न्यूज एजेंसी खामा प्रेस ने UNHCR की एक नई रिपोर्ट के हवाले से बताया कि ज्दातर गिरफ्तारियां बलूचिस्तान के चगाई और क्वेटा जिलों, जबकि पंजाब के अटक जिले में दर्ज की गईं.
रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जनवरी से नवंबर 2025 के बीच पाकिस्तानी अधिकारियों ने कुल 100,971 अफगान नागरिकों को गिरफ्तार किया. यह संख्या 2024 में करीब 9,000 और 2023 में 26,000 से ज्यादा गिरफ्तारियों के मुकाबले कहीं ज्यादा है. पाकिस्तान और ईरान के इस कदम से मानवाधिकार संगठनों ने हैरानी जताई है.
यह भी पढ़ें: Munambam Land Dispute में सुप्रीम कोर्ट की एंट्री, Waqf प्रॉपर्टी मामले में HC के आदेश पर रोक