)
Delhi News Today: नौकरी के लिए उज्बेकिस्तान गई दिल्ली की एक लड़की को वहां पाकिस्तानी लड़के से दोस्ती करना भारी पड़ गया. दोस्ती इतनी बढ़ी कि दोनों ने शादी (निकाह) कर ली, लेकिन निकाह के बाद जो हुआ उसने लड़की की जिंदगी तबाह कर दी. अब पीड़िता दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है.
पीड़िता ने बताया कि वह 8 नवंबर 2023 को उज्बेकिस्तान के "कॉन्ट्रैक्शन एंटर इंजीनियरिंग" नाम की कंपनी में इंटरप्रेटर की नौकरी के लिए गई थी. वहां उसकी मुलाकात उसी कंपनी में काम कर रहे पाकिस्तानी नागरिक अहमद अफजाल से हुई. दोनों में पहले दोस्ती हुई, फिर प्यार और फिर दोनों ने एक मस्जिद में निकाह कर लिया.
हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही अहमद का असली चेहरा सामने आ गया. लड़की का आरोप है कि निकाह के बाद अहमद और उसके एक दोस्त ने उसके साथ गैंगरेप किया. जब उसने विरोध किया, तो उसकी पिटाई की गई और उसे सेक्स रैकेट में धकेलने की कोशिश की गई. पीड़िता का दावा है कि अहमद करीब 2000 लड़कियों से जुड़ा हुआ है और उन्हें भी इसी धंधे में फंसा चुका है.
पीड़िता ने बताया कि एक बार तो उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया गया और फिर उसके साथ रेप किया गया. हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में छोड़कर अहमद फरार हो गया. होश आने पर जब पीड़िता ने विरोध किया, तो उस पर जानलेवा हमला भी किया गया.
किसी तरह अपनी जान बचाकर पीड़िता भारत लौट आई. वह 23 जुलाई 2025 को दिल्ली पहुंची, लेकिन यहां भी उसे इंसाफ नहीं मिला. पीड़िता का आरोप है कि दिल्ली पुलिस उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही. उसने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है और कहा है कि उसे पाकिस्तानी नागरिक से जान का खतरा है.