)
Indonesia News Today: इंडोनेशिया के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जकार्ता में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए दोस्ती, भरोसे और साझा विरासत का ऐसा पैगाम दिया, जिसने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया. अपने संबोधन में उन्होंने मशहूर फिल्मी गीत "कुछ कुछ होता है" का जिक्र करते हुए हिंदुस्तान और इंडोनेशिया के रिश्तों को नई मिसाल के साथ पेश किया. उन्होंने कहा कि जब दोनों मुल्क साथ मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो बात सिर्फ "कुछ कुछ" तक नहीं रहती, बल्कि "बहुत कुछ" हो जाता है.
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का शुक्रिया अदा करते हुए की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति प्रबोवो हिंदुस्तान के सच्चे दोस्त हैं और उनके स्वागत के लिए वह दिल से शुक्रगुजार हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडोनेशिया की अवाम ने उन्हें जिस मोहब्बत, अपनापन और इज्जत से नवाजा है, उसे अल्फाज में बयान करना आसान नहीं है. उन्होंने कहा कि जहां भी वह गए, हर चेहरे पर हिंदुस्तान के लिए प्यार, एहतराम और गहरे लगाव की झलक दिखाई दी.
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्होंने देखा है कि इंडोनेशिया में बॉलीवुड का मशहूर गीत "कुछ कुछ होता है" काफी पसंद किया जाता है. उन्होंने बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति प्रबोवो से भी यही बात कही कि जब हिंदुस्तान और इंडोनेशिया साथ मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो यह सिर्फ "कुछ कुछ" नहीं, बल्कि "बहुत कुछ" बन जाता है.
पीएम मोदी ने सुनाया दिलचस्प इत्तेफाक का जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में फुटबॉल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इन दिनों पूरी दुनिया फुटबॉल के जुनून में डूबी हुई है. इंडोनेशिया में भी फुटबॉल के लिए लोगों का उत्साह साफ दिखाई देता है और यहां मौजूद भारतीय समुदाय भी उसी जोश और जज्बे के साथ प्रोग्राम में शामिल हुआ है.
पीएम मोदी ने एक दिलचस्प इत्तेफाक का जिक्र करते हुए कहा कि जब-जब वह इंडोनेशिया आए हैं, उस दौरान फीफा विश्व कप का खुमार छाया रहता है. उन्होंने याद दिलाया कि साल 2018 में वह जकार्ता आए थे, फिर 2022 में बाली में मुलाकात हुई और अब 2026 में एक बार फिर जकार्ता में लोगों से रूबरू होने का मौका मिला है. इन तीनों मौकों पर इंडोनेशिया में फुटबॉल का उत्साह पूरे शबाब पर रहा.
पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय से मुलाकात
प्रधानमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि इन तीनों मौकों का असली "मैन ऑफ़ द मैच" यहां रहने वाला भारतीय समुदाय है. उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया में रहने वाले सभी भारतीय इस सम्मान के हकदार हैं और दोनों मुल्कों के रिश्तों को मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका है. भारतीय समुदाय को संबोधित करने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां मौजूद कई भारतीयों से मुलाकात भी की. इस दौरान उन्होंने भारतीय समुदाय के सदस्यों की ओर से पेश किए गए रिवायती सकाफती प्रोग्राम का भी लुत्फ लिया और उनकी तारीफ की.
इंडोनेशिया तीन दिन के दौरे पर पहुंचे हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों इंडोनेशिया के तीन दिन के राजकीय दौरे पर हैं. अपने दौरे के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ दोतरफा बातचीत की. इसके अलावा उन्होंने इंडोनेशिया की संसद को भी संबोधित किया. इस सफर का मकसद दोनों देशों के बीच दोस्ती, सहयोग और साझेदारी को और मजबूत करना है. प्रधानमंत्री के संबोधन में दोस्ती, साझा संस्कृति और आपसी भरोसे का जो पैगाम दिखाई दिया, उसने हिंदुस्तान और इंडोनेशिया के रिश्तों को एक बार फिर नई गर्मजोशी के साथ दुनिया के सामने पेश किया.