)
Independence Day: आज पूरा भारत स्वतंत्रता दिवस की 79वी वर्षगांठ मना रहा है. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराया और देश को संबोधित भी किया. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का जिक्र किया और इस संगठन में शामिल लोगों की तारीफ की. पीएम मोदी के जरिए लाल किले से RSS की तारीफ करना राजनीतिक विवाद की वजह बन गई है. इस बयान के खिलाफ विरोध व्यक्त करते हुए ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से RSS का महिमामंडन करना स्वतंत्रता संग्राम का अपमान है. उन्होंने कहा कि RSS ने आजादी की लड़ाई में कभी भाग नहीं लिया, बल्कि वह अंग्रेजों के मददगार थे. ओवैसी ने RSS पर इल्जाम लगाते हुए कहा कि RSS अंग्रेजों से ज्यादा महात्मा गांधी से नफरत करती थी.
दरअसल, पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से RSS को संगठन के रूप में 100 साल पूरे करने और भारत की भलाई और उन्नति के लिए लगातार काम करने पर बधाई दी. PM मोदी ने कहा कि RSS दुनिया का सबसे बड़ा NGO है, जो नागरिक निर्माण से राष्ट्र निर्माण तक काम कर रहा है. इस पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है. RSS पर हमेशा से सांप्रदायिक राजनीति को बढ़ावा देने के इल्जाम लगते रहे हैं.
PM मोदी के इस बयान के बाद AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए लिखा कि PM मोदी ने एक बार फिर हमें याद दिलाया है कि असल इतिहास को जानना और असली नायकों का सम्मान करना क्यों ज़रूरी है. अवैसी ने आगे लिखा कि अगर हम इन कामों को नहीं करते, तो वह दिन दूर नहीं जब कायरता को सबसे बड़ी बहादुरी बताकर बेचा जाएगा. ओवैसी ने बताया कि RSS समावेशी राष्ट्रवाद के उन मूल्यों को नकारता है जिनसे हमारे स्वतंत्रता सेनानियों को प्रेरणा मिली थी.
असदुद्दीन अवैसी ने RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदुत्व की विचारधारा बहिष्कार में विश्वास करती है और हमारे संविधान के मूल्यों के विपरीत है. PM मोदी एक स्वयंसेवक के तौर पर नागपुर जाकर आरएसएस की प्रशंसा कर सकते थे. ओवैसी ने सवाल पूछते हुए कहा कि PM मोदी को लाल किले से ऐसा क्यों करना पड़ा?
असदुद्दीन अवैसी ने RSS को चीन से भी बड़ा खतरा बता दिया. उन्होंने कहा कि चीन हमारा सबसे बड़ा बाहरी ख़तरा बना हुआ है, लेकिन उससे भी बड़ा ख़तरा हमारे देश के भीतर संघ परिवार के जरिए फैलाई जा रही नफ़रत और विभाजन है. उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि हमें अपनी आज़ादी की सच्ची रक्षा के लिए ऐसी सभी ताकतों को हराना होगा.
मुस्लिम माइनॉरिटी की ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam