Sindoor Samman Yatra in Vadodara: 'ऑपरेशन सिंदूर' की कामयाबी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में वड़ोदरा में 'सिंदूर सम्मान यात्रा' निकाली गई. जिसमें लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा.
Trending Photos
)
Vadodara News Today: भारत ने पहलगाम हमले के बाद आतंकियों को को मुंहतोड़ जवाब दिया और पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों पर हमले कर सैकड़ों कुख्यात आतंकवादियों को मार गिराया. इस अभियान को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया गया. भारतीय फौज ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में ऐतिहासिक जीत हासिल की. ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की गाथा को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है.
इसी कड़ी में 'सिंदूर सम्मान यात्रा' के दौरान एक भावुक पल देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले को रोककर ऑपरेशन सिंदूर को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार से मुलाकात की. यह यात्रा भारत के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा.
इस मौके पर कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार के साथ आठ शहीद जवानों के परिवार भी मौजूद थे. जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला स्टेज नंबर-2 के पास पहुंचा, उन्होंने अपने सुरक्षा अधिकारियों को वाहन वहीं मोड़ने के लिए कहा. पीएम मोदी ने परिवार की ओर हाथ जोड़कर 'नमस्ते' किया और इशारों में पूछा, "कैसे हो? मजा आ रहा है?" जिसे देखकर शहीदों के परिवार और कर्नल सोफिया का खुशी से भावुक हो उठा.
परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गाड़ी पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं. पीएम मोदी ने उन्हें थम्स अप दिखाकर अपना आभार जताया और आगे बढ़ गए. इस पल ने वहां मौजूद हर किसी को भावुक कर दिया. बाद में कर्नल सोफिया की जुड़वां बहन शायना सुन्सारा ने मीडिया से कहा, "प्रधानमंत्री से मिलना बेहद खास अनुभव था. उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए बहुत काम किया है. सोफिया सिर्फ मेरी नहीं पूरे देश की बहन है."
कर्नल सोफिया कुरैशी ने ऑपरेशन सिंदूर में नेतृत्व कर देश का नाम रौशन किया है. कर्नल सोफिया कुरैशी का शुमार भारतीय सेना की एक जांबाज और प्रेरणादायी महिला अधिकारी के रुप में होती है, जिन्होंने देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. वह पहली भारतीय महिला अधिकारी बनीं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना की टुकड़ी का नेतृत्व किया.
ऑपरेशन सिंदूर जैसे महत्वपूर्ण अभियान में उनके नेतृत्व को पूरी दुनिया ने सराहा. गुजरात के वड़ोदरा से ताल्लुक रखने वाली कर्नल सोफिया को बचपन से ही अनुशासन और शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए जाना जाता था. उनका समर्पण, साहस और नेतृत्व क्षमता देश की युवतियों के लिए एक प्रेरणा बन चुकी है.