PM Modi Saudi Arabia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर सऊदी अरब पहुंचे थे. इस बीच जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों के जरिये किए गए कायराना और क्रूर हमले के बाद उन्होंने दौरा बीच में रद्द करने का फैसला किया है.
Trending Photos
)
PM Modi Return Saudi Arabia: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना सऊदी अरब का दौरा बीच में ही समाप्त करने का फैसला किया है. सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (22 अप्रैल) रात को ही भारत लौटेंगे, जबकि उनका कार्यक्रम बुधवार रात तक सऊदी अरब में रहने का था.
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब सरकार के जरिये आयोजित आधिकारिक रात्रिभोज में भी हिस्सा नहीं लिया और तुरंत वापसी का फैसला लिया. पहलगाम में हुए आतंकी हमले की प्रधानमंत्री मोदी ने कड़े शब्दों में निंदा की. इसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट संदेश में हमले की कड़ी निंदा की है और मृतकों के प्रति संवेदना का इजहार किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट संदेश में लिखा, "मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं. जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं." उन्होंने कहा, "घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. प्रभावितों को हर संभव मदद दी जा रही है."
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, "इस जघन्य हमले के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा. उनका नापाक मंसूबा कभी सफल नहीं होगा. आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई अडिग है और आगे भी मजबूत के साथ जारी रहेगी."
हमले की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बातचीत की और हालात पर नजर बनाए रखते हुए जरुरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. इसके बाद गृह मंत्री शाह ने खुद श्रीनगर जाकर स्थिति की समीक्षा करने और उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने की घोषणा की. अमित शाह ने एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले से व्यथित हूं. मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. इस जघन्य आतंकी कृत्य के दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी."
बता दें, मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पहलगाम हिल स्टेशन के बैसारन घाटी में पर्यटकों को निशाना बनाकर आतंकवादियों ने हमला किया. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई आतंकवादी सेना की वर्दी में आए और घुड़सवारी कर रहे पर्यटकों पर गोलियां चला दीं. इस हमले में कई पर्यटकों की मौत हो गई जबकि कई लोग घाय हो गए हैं. मृतकों में कई स्थानीय और विदेशी नागरिक भी शामिल हैं.
बैसारन घाटी, जम्मू कश्मीर के पहलगाम बाजार से करीब 3 से 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक छोटा मैदान है, जहां मोटर वाहन नहीं जा सकते हैं. इसलिए पर्यटक वहां तक पहुंचने के लिए घोड़े का सहारा लेते हैं. हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.