)
Yati Narsinghanand: यति नरसिंहानंद के खिलाफ उत्तर प्रदेश के गंगोह और शाहजहांपुर में प्रदर्शन हुआ. इस दौरान लोगों ने उनके पैगंबर मोहम्मद (स.अ) पर मुतनाज़ा कमेंट पर आलोचना की और साथ ही ज्ञापन सौंपा.
सोमवार को कुरैशियान चौक पर विद्वानों, राजनेताओं और आम जनता की भीड़ जमा हुई और उन्होंने यति नरसिंहानंद के खिलाफ नारेबाजी की और उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की. इसके बाद मौके पर पहुंची एसडीएम संगीता रघु और सीओ सर्किल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें यति नरसिंहानंद को एन.एस. ए जैसे सख्त कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग की गई.
लोगों का कहना था कि उनका गुस्सा प्रशासन के खिलाफ नहीं है, ये बेशर्म नरसिंहानंद के खिलाफ है. ठीक इसी तरह शाहजहांपुर में भी यति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ है. लोगों का कहना था कि वह किसी भी हाल में मोहम्मद साहब की शान में किसी भी तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे.
समाजवादी पार्टी (सपा) नेता मुमताज आलम के नेतृत्व में शाहजहांपुर कस्बे में यति नरसिंहानंद के विवादित बयान के विरोध में प्रदर्शन किया और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजने की मांग की. मुस्लिम समुदाय ने नारेबाजी और मार्च करते हुए झंडा चौक पहुंचे और राज्यपाल के नाम कस्बा चौकी प्रभारी अजय दीप को ज्ञापन सौंपा.
इस ज्ञापन में कहा गया था कि यति नरसिंहानंद ने पैगंबर मोहम्मद (PBUH) के खिलाफ बेहद अपमानजनक, आपत्तिजनक और असहनीय टिप्पणी की है, जिससे न केवल समाज बल्कि अन्य धर्मों के सभ्य लोगों की धार्मिक, सामाजिक और नैतिक भावनाएं भी आहत हुई हैं. ज्ञापन में मांग की गई कि महंत यति नरसिंहानंद के अतीत और वर्तमान की जांच कराई जाए, उन्हें गिरफ्तार किया जाए और उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए.
ज्ञात हो कि इससे पहले भी यति कई ऐसे मुतनाजा बयान दे चुके हैं. जिसकी वजह से उन्हें पुलिस एक्शन का भी सामना करना पड़ा था. हालांकि वह इसके बावजूद भी अपनी हरकतों से बाज़ नहीं आए हैं.