)
Punjab Flood News: पंजाब में भीषण बाढ़ के कारण लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. गांव तबाह हो गए हैं, खेतों में खड़ी फसलें और मवेशी बह गए हैं. लोग बेघर और असहाय हो गए हैं. ऐसे मुश्किल समय में ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान ने एक बड़ा राहत अभियान शुरू किया है. जामिया नगर के लोगों से अपील की गई है कि मानवता के इस मिशन में सभी समुदाय एक साथ आगे आएं.
इस संबंध में अमानतुल्लाह खान ने एक्स पर लिखा है कि पंजाब इस समय बाढ़ की मार झेल रहा है. देश में जब भी कहीं कोई आपदा आई, पंजाब के लोगों ने भी हर आपदा में मदद की. ओखला में भी पंजाब के लोगों ने मुसीबत के समय में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. आज पंजाब को हमारी और आपकी ज़रूरत है, हम लोगों से अपील करते हैं कि इस मुसीबत की घड़ी में पंजाब का साथ दें. ओखला में पंजाब की राहत के लिए कैंप लगाए जा रहे हैं.
अमानतुल्लाह खान ने बताया कि ये कैंप उनके संसदीय क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में लगाए गए हैं, जिनमें ज़ाकिर नगर जामा मस्जिद, सरकारी स्कूल के पास बटला हाउस चौक, स्वतंत्रता सेनानी फव्वारे के पास जामिया मेट्रो स्टेशन और हाई टेंशन खंबा नंबर 1 शामिल हैं. उन्होंने अपील की कि सभी लोग इस काम में हिस्सा लें.
अमानतुल्लाह खान ने कहा कि बीते वक्त में, देश में जहाँ भी किसी भी प्रकार की आपदा आई, पंजाब के लोगों ने हमेशा पीड़ितों की मदद की है. इतना ही नहीं, पंजाब के लोग हर मुसीबत की घड़ी में देश के लोगों के साथ खड़े रहे हैं. उन्होंने कहा कि पंजाब के संगठनों के जरिए शाहीन बाग में एनआरसी के विरोध में किए गए प्रदर्शन के दौरान, न केवल अपना सहयोग दिया और लंगर आदि का भी प्रबंध किया.
इसके साथ ही, दिल्ली दंगों के दौरान पंजाब के लोगों और उनके संगठनों ने आगे आकर लोगों की मदद की. आज पंजाब के लोगों को हमारी ज़रूरत है, इसलिए हम सभी को आगे आकर उनकी मदद करनी चाहिए.