)
Panjab News: पाकिस्तान में बैठे दहशतगर्द भारत के खिलाफ लगातार साजिशें रच रहे हैं, लेकिन भारत की सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैदी के साथ काम कर रही है. इसी कड़ी में पंजाब पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान समर्थित एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है.
दरअसल, पंजाब पुलिस ने बटाला जिले के बलपुरा गांव में एक छापेमारी के दौरान ISI से जुड़ी पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल का खुलासा किया. इसके साथ ही असलहा भी बरामद किया गया, जिसमें 4 हैंड ग्रेनेड, 2 किलो RDX (विस्फोटक सामग्री) से बना improvised explosive device (IED) और कम्युनिकेशन उपकरण बरामद किए हैं.
इस मामले की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि असलहा की यह खेप यूके में बैठे बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के आतंकी निशान सिंह उर्फ निशान जोडिया के निर्देश पर रखी गई थी. आतंकी निशान सिंह पाकिस्तान में बैठे हरविंदर सिंह रिंदा के इशारों पर काम करता है और हरविंदर सिंह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI का पिट्ठू है.
पंजाब पुलिस ने इस मामले में एक मुल्जिम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा फरार है. पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. DGP ने कहा कि इस मामले में जांच जारी है और सीमा पार आतंकी षड्यंत्र का पर्दाफाश किया जाएगा.
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट में बताया कि बटाला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, बटाला के बलपुरा गांव से 4 हथगोले (एसपीएल एचजीआर-84), 1 आरडीएक्स-आधारित आईईडी (2 किलो), और संचार उपकरण बरामद करके एक आतंकी मॉड्यूल को नाकाम कर दिया.
शुरुआती जांच से पता चला है कि यह खेप ब्रिटेन स्थित BKI आतंकवादी निशान सिंह उर्फ निशान जोडिया के निर्देश पर रखी गई थी, जो पाकिस्तान स्थित आतंकवादी हरविंदर सिंह रिंदा के निर्देशों पर काम कर रहा था, रिंदा को पाकिस्तान की आईएसआई का समर्थन प्राप्त है."